बड़ी खबर: पटना के डॉक्टर्स कॉलोनी में फल मंडी में लगी आग, लाखों का नुकसान

पटना के कंकड़बाग स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी में फल मंडी में रविवार की देर रात आग लग गई। इससे फल मंडी के दुकानदारों का लाखों का नुकसान हुआ है। हालांकि, इस अगलगी में किसी की जान नहीं गई है। सूचना के बाद तुरंत मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।

फलों की बोरियां जल कर खाक
स्थानीय लोगों के मुताबिक वार्ड नंबर 44 के राजेन्द्र नगर पुल के पास स्थित सब्जी मंडी में आग लग गयी। आग लगते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें कुछ ही देर में दूसरी दुकानों की ओर भी बढ़ने लगी। वहां मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। स्थानीय लोग और दुकानदार भी आग बुझाने में जुट गए। लेकिन, वे आग पर काबू नहीं कर पा रहे थे। कुछ ही देर में मंडी में रखी गई फलों की बोरियां जल कर खाक हो गई।

दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी
स्थानीय सतेंद्र कुमार ने बताया कि जानकारी देने के थोड़ी ही देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। करीब 2 घंटों तक फल मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अगलगी की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फल मंडी में आग लग जाने से दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है। उनका कहना है कि एक तो कोरोना ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है। अब, आग लगने से काफी नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.