अफसरों के झूठे दावों ने पटना के कई मोहल्लों को डुबोया है। दावा 6 घंटे में शहर को जलजमाव से मुक्त करने था, लेकिन 36 घंटे बाद भी 50 से अधिक माेहल्लों में पानी भरा है। गली-मोहल्लों की बात ही छोड़िए पटना के मुख्य मार्गों की भी दशा खराब है। गनीमत है कि शुक्रवार की रात की तरह दोबारा फिर बारिश नहीं हुई नहीं तो पहले से डूबे मोहल्लों की हालत और खराब हो जाती।
36 घंटे बाद भी मोहल्लों की हालत खराब
पटना में शुक्रवार की रात 146 MM बारिश हुई। इस बारिश ने नगर निगम के जल निकासी के सभी दावों की पोल खोल दी। नगर आयुक्त ने बरसात से पहले दावा किया था कि 6 घंटे में बरसात का पानी शहर से बाहर हो जाएगा। लेकिन, 36 घंटे बाद भी शहर 50 से अधिक मोहल्लों से पानी नहीं निकल सका है। गर्दनीबाग, पाटलिपुत्रा, पटेल नगर, रामकृष्णा नगर, अनीसाबाद, बेउर, सरिस्ताबाद, केसरी नगर, कुर्जी, दीघा और राजीवनगर एरिया के कई मोहल्लों में पानी भरा हुआ है। इन मोहल्लों में तेज बारिश के 36 घंटे बाद भी जल निकासी नहीं हो पाई है। हालांकि रविवार को भी बारिश हुई है लेकिन शुक्रवार की रात हुई बरसात में जो मोहल्ले जलमग्न हुए वह सोमवार तक पूरी तरह से खाली नहीं हो पाए।

कुर्जी में सड़क पर बह रहा पानी
पटना के प्रमुख इलाके कुर्जी में मुख्य सड़क पर पानी भरा है, जिससे आसपास के मोहल्लों में भी जलजमाव है। मुख्य सड़क से लेकर मोहल्लों में लोग पैदल नहीं चल पा रहे हैं। लोयला स्कूल के पास तो मुख्य सड़क पर गांठ के बराबर पानी बह रहा है। लोयला हाई स्कूल के पास वार्ड नंबर 22 बी की हालत खराब है। यहां कई मोहल्लों में पानी भरा है। मगध कॉलोनी से तो बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस इलाके के लोग कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन निगम जल निकासी को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पानी में ही लोग गाड़ी से जा रहे हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
रामकृष्णा नगर में नाला जाम
रामकृष्णा नगर में नाला पूरी तरह से जाम है। वैसाही पैन भी पूरी तरह से फुल है। अगर थोड़ी सी अधिक बारिश हुई तो पूरा इलाका पानी-पानी हो जाएगा। इसका असर आस-पास के गांवों में भी है। वैसाही पैन के कारण क्षेत्र के पूरे खेत में पानी आ गया है। इससे पूरी फसल बर्बाद हो गई है। राजू कुमार, राजेश कुमार, पिंटू यादव का कहना है कि सफाई को लेकर कोई काम नहीं किया गया है। वार्ड पार्षद भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मधुबन कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, शिवाजी चौक, दक्षिणी राम कृष्णा नगर में पानी भरा है।