खबर राजधानी पटना से है। जहाँ शिक्षक नियुक्ति की मांग को लेकर एसटीईटी अभ्यर्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया। रिजल्ट में धांधली का भी आरोप लगाते हुए पटना की सड़कों पर उतरे अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री विजय चौधरी के आवास का भी घेराव किया। इस दौरान अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री से मिलने की मांग कर रहे थे। पटना के इको पार्ट के पास अभ्यर्थी सड़क पर उतर गये जिससे यातायात बुरी तरह बाधित हो गया।
इस दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोका लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। जिसके बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों पर लाठी चार्ज कर दिया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गयी। मौके पर मौजूद पुलिस की टीम ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया इस दौरान लाठी-डंडे से पिटाई भी की गयी। वही प्रदर्शनकारियों को पकड़ने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार भी दौड़े और इस दौरान अचानक गिर पड़े जिससे वे घायल हो गये हैं।
प्रदर्शन कर रहे एसटीईटी अभ्यर्थियों ने कहा कि जिन्हें शिक्षक के तौर पर स्कूल में होना चाहिए वे आज सड़क पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं। हम अपना अधिकार मांग रहे हैं जो मिलना चाहिए। वे शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी से मिलने आए हैं। उनसे मिलकर वे अपनी बातों को रखेंगे और नियुक्ति की मांग करेंगे। बीते दिनों शिक्षा मंत्री ने खुद कहा था कि सभी की नियुक्त होगी लेकिन अब ऐसा क्यों किया जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर हमलोग पटना की सड़कों पर उतरे हैं और आंदोलन कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने एसटीईटी रिजल्ट को बदले जाने की भी बात कहते हुए बिहार के शिक्षा मंत्री, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष और शिक्षा विभाग के सचिव से इस्तीफे की मांग की। अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि उनकी जल्द बहाली नहीं की गयी तो वे आत्मदाह करने को विवश होंगे। उन्हें आश्वासन नहीं बल्कि नौकरी चाहिए।