राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद राजद के सिल्वर जुबली स्थापना दिवस समारोह का 5 जुलाई को वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इस तरह लालू 3 वर्ष साढ़े 7 महीने बाद अपनी राजद सेना से रुबरु होंगे। उस समय 21 नवंबर 2017 को पटना के एसकेएम हॉल में राजद के 10वें खुला अधिवेशन में उन्होंने राजद की सरकार बनने पर पहली बार बेटे तेजस्वी यादव को सीएम बनाने की घोषणा करवायी थी। तब भी उनके निशाने पर जदयू नेता नीतीश कुमार थे।
प्रस्ताव में कहा गया था कि तेजस्वी के नेतृत्व में राजद अगला चुनाव लड़ेगा और सरकार बनी तो तेजस्वी ही नेतृत्व करेंगे। यह प्रस्ताव उन्होंने वरीय नेता जगदानन्द से पेश करवाया था और उपस्थित राष्ट्रीय परिषद के सभी सदस्यों और नेताओं से सर्वसम्मति से पास करवाया था।
इसके एक महीने बाद वो जेल चले गये थे। हालांकि जेल जाने के पहले उन्होंने कहा था कि हम जेल में भी जनता का काम करते हैं। जितना मुझे जेल भेजा जायेगा, उतना राजद का वोट बढ़ेगा। नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा था कि जदयू को महागठबंधन का नेता बनाना मेरी अकुलाहट की भूल थी। भाजपा को रोकने के लिए हमने उन्हें दही की छाली का टीका भी लगाया बावजूद वो भाजपा में चले गये।

अंतिम कार्यक्रम में तेजस्वी को राजद का सीएम प्रत्याशी घोषित करवाया था
राजद की उस राष्ट्रीय परिषद की बैठक और 10वें खुला अधिवेशन में लगातार 10वीं बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद लालू ने चार माह पहले (जुलाई 2017) तक राज्य सरकार में साथ रहे सीएम नीतीश कुमार को फिनिश चैप कहा था। अब 3 वर्ष साढ़े 7 महीने बाद 5 जुलाई को वो राजद के 25वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करेंगे तो उनके निशाने पर जदयू नेता ही होंगे।
उनको सुनने वालों में 25 राज्यों के राजद नेताओं के साथ राज्य के प्रखंड-पंचायत अध्यक्षों तक शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में तेजस्वी-तेजप्रताप पटना तो जिला और प्रखंड राजद कार्यालयों से लालू की सेना उनको सुनेगी।