समाज में हाशिए पर जिंदगी जी रहे किन्नरों को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश है. इस दिशा में सरकार की ओर से संचालित कई योजनाओं से इन्हें जोड़ा जाएगा. इन किन्नरों को सरकार की ओर से संचालित व्यवसायिक योजनाओं पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
इससे पहले डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने ‘गौरव गृह’ का उद्घाटन भी कर दिया है. डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि किन्नरों को सिलाई, बुनाई, कंप्यूटर, नृत्य, संगीत आदि क्षेत्रों में दक्ष किया जाएगा. ताकि वह अपनी जीविका इन लघु और कुटीर उद्योगों के सहारे चला सकें. उन्होंने कहा कि मौजूदा सामाजिक परिदृश्य में थर्ड जेंडर में असमानता की भावना को दूर करने और समाज के दूसरे लोगों की तरह गरिमामयी जिंदगी जीने की दिशा में यह प्रयास किया गया है. इसका उद्देश्य व्यक्तित्व विकास, रोजगार, हुनर, कौशल विकास करते हुए उनकी परंपरागत रोजगार से छुटकारा दिया जाना है.

उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में अस्थाई तौर पर विद्यालय परिसर में संस्था की शुरूआत की गई है. स्थाई जगह मिलते ही संस्था को स्थानांतरित किया जाएगा. सरकारों की ओर से अभी तक थर्ड जेंडर को लेकर कोई ठोस योजना सामने नहीं आ सकी है. उनके रहन, सहन से लेकर दूसरी सुविधाओं पर भी उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नसीब नहीं हो पाता. जिसके बाद राज्य में इन किन्नरों को रोजगार परक बनाने की दिशा में लघु और कुटीर उद्योग प्रशिक्षण का निर्णय लिया गया है.