राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से राज्य के 28 कॉलेजों व शैक्षणिक संस्थानों में सेहत केंद्र खोला गया है। गुरुवार को इसका उद्घाटन कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने गंगा देवी महिला महाविद्यालय से किया। इसमें बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अपर परियोजना निदेशक, डॉ. अभय प्रसाद, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, परिवार कल्याण, डॉ. मो. सज्जाद अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा इनोवेशन के तहत बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के समन्वय से चयनित 28 महाविद्यालय में सेहत केन्द्र को स्थापित किया गया है। महाविद्यालय में स्थापित सेहत केन्द्र का संचालन राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा किया जा रहा है तथा वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है।सेहत केन्द्र के माध्यम से कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के संबंध में उचित जानकारी से अवगत कराना, परिवार नियोजन मुद्दों पर जानकारी उपलब्ध कराना एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी के लिए युवा क्लिनिक से सम्बद्ध करना है।

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत युवाओं से संबंधित विषयों पर बातचीत के माध्यम से इन्हें स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे जैसे पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, मादक पदार्थ के सेवन से हानि, गैर संचारी रोग, रक्तदान का महत्व, सही उम्र में शादी, लिंग आधारित भेदभाव जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।