अब डेल्टा+ को भी ढूंढ निकालेगा बिहार: IGIMS में होगी वायरस की जीन सिक्वेंसिंग, अनुमाति के लिए भारत सरकार को भेजा गया पत्र

कोरोना का डेल्टा+ हो या फिर कोई नया वैरिएंट, अब बिहार में ही डिटेक्ट हो जाएगा। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान IGIMS में जीन सिक्वेंसिंग के लिए पूरा सेटअप तैयार किया जा रहा है। भारत सरकार से हरी झंडी मिली तो यह देश का 11वां संस्थान होगा, जहां वायरस के जीन बदलने का पूरा खेल डिटेक्ट हो जाएगा।

वायरस का नया स्ट्रेन ही नहीं, इससे जुड़े अन्य कई राज भी बिहार से खुल सकते हैं, जो देश के लिए बड़ा होगा। IGIMS के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ मनीष मंडल का कहना है कि अनुमाति के लिए भारत सरकार को पत्र भेजा गया है।

जीनोम सिक्वेंसिंग से डिटेक्ट होता है वायरस का जीन

इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान की माइक्रो वायरोलॉजी की HOD डॉ नम्रता का कहना है कि जीनोम सिक्वेंसिंग से ही अज्ञात वैक्टीरिया और वायरस का पता लगाया जाता है। कोरोना वायरस में भी इसी तरह उसके नए-नए वैरिएंट का पता लगाया जा रहा है।

डॉ नम्रता बताती हैं कि कोरोना का नया वैरिएंट डेल्टा+ डिटेक्ट है। इसलिए इसमें केवल उस साइन को तलाश करना होता है, लेकिन जीनोम सिक्वेंसिंग में तो कई ऐसे अज्ञात वैरिएंट का भी पता लगाया जा सकता है। वायरस पर जितना काम किया जाए, उतने ही नतीजे सामने आते हैं।

बड़े प्रोजेक्ट पर चल रहा है काम

डॉ नम्रता का कहना है कि वह काफी दिनों से शोध का काम कर रही हैं। जीन पर उनके कई शोध हैं। कोरोना के जीन सिक्वेंसिंग पर भी वह काम कर रही हैं। इस पर लगातार ट्रायल चल रहा है। इस ट्रायल में ऐसा काम किया जा रहा है कि बिहार में कोरोना वायरस के नए-नए वैरिएंट के बारे में आसानी से जानकारी जुटाई जा सके।

इस दिशा में ट्रायल के साथ-साथ पत्र भी भारत सरकार को भेजा गया है। डॉ नम्रता के मुताबिक, भारत सरकार और ICMR को भेजे गए पत्र में IGIMS को देश की 11वीं जीन लैब की अनुमति मांगी गई है।

जीनोम सिक्वेंसिंग लैब से होगा फायदा

  • जीनोम सिक्वेंसिंग लैब से वायरस और बैक्टीरिया के जीन की जानकारी हो जाएगी।
  • अब तक जीन की जांच के लिए सैंपल पुणे और देश के अन्य संस्थानों में भेजा जाता था।
  • जीन की जांच के लिए सैंपल भेजा जाता था, लेकिन समय अधिक होने से लोड कम हो जाता है।
  • पटना में व्यवस्था होने के बाद जीन का पता लगाना काफी आसान हो जाएगा।
  • बीमारियों पर एंटीबायोटिक के असर को लेकर भी जांच की जा सकेगी।

वायरस के डिटेक्ट होने के बाद इलाज होगा आसान

डॉ नम्रता का कहना है कि जांच में जब जीन का पता चल जाएगा तो इससे इलाज का रास्ता काफी आसान हो जाएगा। बिहार के लिए यह काफी बड़ी उपलब्धि है। इससे प्रदेश में हर तरह के वायरस और बैक्टीरिया के जीन को डिटेक्ट कर इसका इलाज करना काफी आसान होगा। आने वाले समय में पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में इसकी जीन मैचिंग का काम आसानी से हो जाएगा।

वायरस को डिटेक्ट करने को लेकर काम पूरी तेजी से चल रहा है। ट्रायल में सिक्वेसिंग भी की जा रही है। भारत सरकार से अनुमति मिलने के बाद इस पर काम होने लगेगा और वायरस के जीन को डिटेक्ट कर काम किया जाएगा। आने वाले समय में यह सेंटर कई बड़ी उपलब्धियां अपने हिस्से में दर्ज करा सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.