वन वीक मुरौल कंप्लीट अभियान शुक्रवार से शुरू हो गया। पहले दिन 8000 टीकाकरण के लक्ष्य के मुकाबले 6204 लोगों को कोरोना टीका दिया गया। टीका लेने को लेकर गांव की महिलाओं में विशेष उत्साह दिखा। हाथ में मेहंदी लगा कर महिलाएं टीकाकरण केंद्र पर पहुंची थीं। टीका लेने को लेकर जीविका दीदियों ने टोले-मोहल्ले में रंगोली बनाकर लोगों को जागरूक किया।
प्रखंड में 45-59 आयु वर्ग के लोगों की संख्या 24,213 है जिसमें से 13127 लोगों ने टीका पहले ही ले लिया है। वहीं, 18-44 वर्ष के लोगों की संख्या 44,672 है। इसमें से एक जून तक 10849 लोगों ने टीकाकरण करा लिया है। 2 से 7 जुलाई तक चलने वाले अभियान में कुल 44 हजार लोगों को टीका देने का टारगेट है। अभियान को लेकर सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार पाण्डेय, केयर के जिला समन्वयक सौरभ तिवारी, यूनिसेफ के चंद्रभूषण कुमार, डब्ल्यूएचओ के आनंद गौतम समेत कई अधिकारियों की टीम ने जगह-जगह जाकर जायजा लिया।

जिले में 30481 लोगों को दिया गया कोरोना टीका
स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 183 केंद्रों पर 34870 को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। लेकिन 30481 लोगों को ही टीका दिया जा सका। इसमें 12 हेल्थ वर्कर ने दूसरा डोज लिया। वहीं, फ्रंट लाइन वॉरियर्स में 158 को दूसरा डोज लगा। दोनों में से किसी ने पहला डोज नहीं लिया। इसके अलावा 18 से 44 आयु वर्ग के 18783 लोगों को पहला व 691 को दूसरा डोज, 45 से 59 आयु वर्ग में 5024 लोगों को पहला व 2549 लोगों को दूसरा डोज एवं 60 से अधिक आयु वर्ग में 1763 लोगों को पहला एवं 1400 लोगों को दूसरा डोज दिया गया।
रंगोली, मेहंदी और नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला, अच्छा होता है टीका लगवाना, टीका लगवाना है, कोरोना को भगाना है…जैसे नारों से जीविका दीदियां मुरौल पंचायत को गुंजायमान करती नजर आईं। डीपीएम अनीशा ने बताया कि प्रखंड की कई पंचायतों में मंगलवार से ही मेहंदी लगा कर और रंगोली बनाकर लोगों को टीका लेने के लिए जागरूक किया जा रहा था। विशुनपुर बखरी, महमदपुर, चकसेन, खासपट्टी, बखरी में जीविका दीदी ने गोष्ठी कर पंचायत के लोगों को जागरूक किया।