Big Breaking : जेडीयू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने थामा आरजेडी का दामन, तेजस्वी यादव ने दिलाई सदस्यता

आखिर केसरिया के पूर्व विधायक व जेडीयू नेता महेश्वर सिंह ने आज शनिवार को आरजेडी का दामन थाम लिया. पटना में राबड़ी देवी के आवास पर आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने आरजेडी की प्राथमिक सदस्यता ली. पूर्व विधायक महेश्वर सिंह को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई.

महेश्वर सिंह के साथ ही काफी संख्या में उनके समर्थक भी आरजेडी में शामिल हुए. बता दें कि इसके पहले महेश्वर सिंह ने तीन-चार दिन पहले तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी. तब उनके साथ बैंकुठपुर के पूर्व विधायक मंजीत सिंह भी थे. दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया पर तेजस्वी के साथ फोटो पोस्ट करते हुए आरजेडी में शामिल होने की बात कही थी. लेकिन ऐनवक्त पर जेडीयू ने डैमेज कंट्रोल करते हुए मंजीत सिंह को मना लिया. तब उन्होंने जेडीयू में ही रहने का निर्णय लिया.

दूसरी ओर, महेश्वर सिंह ने आज राबड़ी आवास पर आयोजित समारोह में आरजेडी का दामन थाम लिया. मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अलावा पूर्व मंत्री आलोक मेहता, विधान पार्षद डॉ सुनील सिंह, परसा के विधायक छोटेलाल राय, प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव समेत अनेक नेता मौजूद रहे.

आरजेडी में शामिल होने के बाद महेश्वर सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के प्रति विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नया बिहार बनेगा. वे आरजेडी के प्रति समर्पित भाव से काम करेंगे. उन्होंने नीतीश कुमार पर भी हमला किया. उन्होंने कहा कि बिहार में अफसरशाही बढ़ गई है. अब तो मंत्री भी सरकार के खिलाफ बोलने लगे हैं. बीजेपी के विधायक ही कह रहे हैं कि मंत्रियों के छापा मारा जाए तो करोड़ों रुपये मिलेंगे. वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि महेश्वर सिंह व उनके समर्थकों के आने से आरजेडी और अधिक मजबूत होगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.