आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए बिहार पहुंचे चिराग पासवान पटना में धरना पर बैठ गए हैं. मिल रही जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान को पटना हाईकोर्ट के निकट बनी संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने नहीं दिया गया है. इसके विरोध में चिराग पासवान अभी अभी धरना पर बैठ गए हैं. उनके साथ काफी संख्या में समर्थक भी धरना पर बैठ गए हैं. वे सब प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.
दरअसल, लोजपा में भारी बवाल मचने के बाद आज सोमवार को पहली बार दिवंगत रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान बिहार पहुंचे हैं. पटना एयरपोर्ट पर हजारों समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया है. उन पर समर्थकों ने फूलों की बारिश की. उनका काफिला पटना शहर की तरफ निकला. काफिले में गाड़ियों की लंबी कतार है. चिराग पासवान जिंदाबाद के समर्थक नारे लगा रहे हैं. उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान अमर रहे के भी नारे लगाए जा रहे हैं.

लेकिन, पटना हाईकोर्ट के निकट मामला फंस गया. शेड्यूल के अनुसार, चिराग पासवान को पटना हाईकोर्ट के निकट डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था. लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी. इसके बाद चिराग अपने समर्थकों के साथ धरना पर बैठ गए हैं. बता दें कि इसके बाद चिराग राजेंद्र नगर टर्मिनल, धनुकी मोड़ होते हुए गांधी सेतु के रास्ते वैशाली जिले के जढ़ुआ पहुंचेंगे. वहां बरई टोला के जगदम्बा स्थान में बाबा चौहरमल की प्रतिमा मार्ल्यापण करने के बाद सुल्तानपुर गांव पहुंचेंगे. वहां दीना पासवान के घर के बाहर अपने पिता की पहली जयंती मनाएंगे. फिर शाम को 5 बजे उनकी आशीर्वाद यात्रा शुरू होगी. जो हाजीपुर, रामाशीष चौक और सोनपुर होते हुए दीघा के रास्ते वापस पटना आ जाएंगे.