मुज़फ़्फ़रपुर: सिकंदरपुर में लाल निशान से 16 सेमी ऊपर पहुंचा बूढ़ी गंडक का जलस्तर, शहर के नए इलाकों पर खतरा बढ़ा

बूढ़ी गंडक के जलस्तर में लगातार वृद्धि से शहर पर बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 20 सेंटीमीटर बढ़ोतरी के साथ बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। इससे सिकंदरपुर से लेकर जीरोमाइल तथा कांटी प्रखंड के मिठनसराय तक हाहाकार की स्थिति मची है। बाढ़ का पानी मंगलवार को शहर के झील नगर, कर्पूरी नगर, कुंडल, लकड़ीढाई, शेखपुर ढाब के साथ जीरोमाइल चौक के आसपास तथा विजयी छपरा बांध व मिठन सराय के एक हजार से अधिक घरों में प्रवेश कर गया है। वहीं, अहियापुर थाना समेत आसपास के 200 से अधिक घरों में पानी प्रवेश कर गया है।

बाढ़ पीड़ित लोग फोरलेन समेत अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं। दूसरी ओर, बागमती का जलस्तर कटौझा में खतरे के निशान से 1.47 ऊपर व बेनीबाद में 1.29 मीटर ऊपर पहुंच जाने से औराई, कटरा एवं गायघाट प्रखंड में बाढ़ की स्थिति अत्यधिक भयावह हो गई है। औराई-कटरा-बेनीबाद मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप है। कटरा प्रखंड की 14 पंचायतों का मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग है। इधर, प्रशासन ने कटरा प्रखंड की सात, औराई की चार एवं कांटी प्रखंड की 6 पंचायतों को ही बाढ़ प्रभावित माना है। जबकि, गायघाट, मीनापुर, साहेबगंज एवं पारू प्रखंड में भी बाढ़ की स्थिति विकट है।

जिले से होकर बहने वाली सभी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं : जल संसाधन विभाग से मिली सूचना के अनुसार, बूढ़ी गंडक समेत जिले से होकर बहने वाली सभी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हालांकि, बागमती नदी के जलस्तर में मंगलवार को 3 सेंटीमीटर की मामूली कमी आई। जबकि, गंडक नदी का जलस्तर स्थिर है।

बागमती नदी का जलस्तर कटौझा में खतरे के निशान 55.23 मीटर से 1.47 मीटर ऊपर 56.70 मीटर पर है। वहीं, गंडक नदी का जलस्तर रेवा घाट में खतरे के निशान 54.41 मीटर से 25 सेमी ऊपर 54.66 मीटर तथा बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान 52.53 मीटर से 16 सेमी ऊपर 52.69 मीटर पर बह रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.