वन वीक मुरौल कंप्लीट अभियान के 5वें दिन मंगलवार तक महज 20603 लोगों को ही वैक्सीन दी जा सकी, जबकि, अभियान के तहत 48406 लोगों को टीका लगाना था। एक्शन प्लान के मुताबिक, टीकाकरण कार्य नहीं होने पर जिला स्वास्थ्य विभाग ने 20 हजार डोज मुरौल से वापस मंगाए हैं। इस डोज को विभिन्न पीएचसी में भेज कर टीकाकरण कराया जा रहा है।
बताया जाता है, मुख्यालय से फिर टीके का डोज मिलने पर मुरौल भेजा जाएगा। धीमी गति से टीकाकरण होने के कारण अभी भी कुछ डोज बचे हैं। इधर, वन वीक मुरौल कंप्लीट अभियान की स्थिति देखते हुए शहरी क्षेत्र के 1 लाख 40 हजार लोगों का 15 दिनों में शत-प्रतिशत वैक्सीनशन का निर्णय कई सवालों को जन्म देता है। क्या स्वास्थ्य विभाग शहरी क्षेत्र के करीब 1 लाख 40 हजार लोगों को 15 दिनों में पूर्ण वैक्सीनेट कर पाएगा।
कोई भी इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है। सिविल सर्जन डॉ. विनय शर्मा का कहना है, अभियान पूरा करने को लेकर कर्मियों को तेजी लाने को कहा गया है। वहीं, शहरी क्षेत्र में 8 से 22 तक चलने वाले टीकाकरण अभियान को लेकर कई स्तरों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

एक्शन प्लान के अनुरूप टीकाकरण नहीं, मुरौल से 20 हजार डोज वापस लिए
मुरौल में 5 दिनों में टीकाकरण की स्थिति
2 जुलाई 6204 3 जुलाई 5310 4 जुलाई 4245 5 जुलाई 2681 6 जुलाई 2173
शहरी क्षेत्र की टीकाकरण की प्लानिंग
18 वर्ष से ऊपर की कुल जनसंख्या – 282428 अब तक 142428 को लग चुका है टीका अभी 140000 लोग टीका लेने से हैं वंचित 8 से शुरू होगा अभियान, 22 तक चलेगा 8-9 जुलाई को 67 टीमें काम करेंगी 10 से 75 टीमें टीकाकरण करेंगी प्रतिदिन 10000 लोगों के टीकाकरण का टारगेट
शहरी क्षेत्र में टीकाकरण अभियान को एसडीओ व नगर आयुक्त ने की बैठक
एसडीओ पूर्वी कुंदन कुमार ने शहरी क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें लोगों को टीका के लिए जागरूक करने को कहा। नगर निगम में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में सभी वार्ड पार्षद, बार एसोसिएशन के मेंबर, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अलावे कई गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक हुई।
इधर, जिले में टीका खत्म होने से लौटे सैकड़ों लोग, कई सेंटरों पर हंगामा
जिले में टीका समाप्त होने से मंगलवार को टीका लेने आए सैकड़ों लोगों को लौटना पड़ा। इसे लेकर लोगों ने हंगामा भी किया। हालांकि, शहर क्षेत्र में सदर अस्पताल व टीका एक्सप्रेस से पांच केंद्रों पर टीका दिया गया। जबकि, अन्य टीकाकरण केंद्रों पर ताला लटके रहे। सदर अस्पताल से 200 से अधिक लोग बिना टीका लिए लौटे।