मुज़फ़्फ़रपुर: टीके की कमी, कर्मियों से मा’रपी’ट व हंगा’मे के बीच शहरी क्षेत्र में शुरू हुआ शत-प्रतिशत टीकाकरण का महाअभियान

शहरी क्षेत्र में शत-प्रतिशत कोरोना का टीका देने को लेकर भारी कुव्यवस्था, मारपीट व हंगामे के बीच गुरुवार से वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू हुआ। आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर दोपहर एक बजे तक टीका ही नहीं पहुंचा, तो कई जगहों पर कर्मी भी नहीं पहुंचे। चार टीकाकरण केंद्रों पर जिन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हुई थी, वे मुरौल और मीनापुर में काम कर रहे थे।अव्यवस्था का आलम यह रहा कि गोबरसही उप स्वास्थ्य केंद्र में बने टीकाकरण केंद्र पर टीके की कमी होने पर मारपीट की नौबत आ गई। लंबे समय तक लाइन में खड़े लोगों ने आपस में मारपीट कर ली।

कर्मियों के साथ बदतमीजी की। जिसके बाद कर्मियों ने टीकाकरण का काम बंद कर दिया। वहां पुलिस बुलानी पड़ी। शहर के वार्ड-7 स्थित बीबीगंज में डाटा ऑपरेटर दोपहर डेढ़ बजे तक नहीं पहुंचा। डीआईओ कार्यालय से डाटा ऑपरेटर को भेजा गया। तब वैक्सीनेशन शुरू हुआ। वहीं, वार्ड-26 के चित्रगुप्तपुरी में टीका तो पहुंचा, लेकिन वहां की टीम मुरौल में काम करती हुई मिली।

इसलिए वहां वैक्सीनेशन नहीं हुआ। राजनारायण सिंह कॉलेज में टीका तो पहुंचा लेकिन दोपहर डेढ़ बजे तक प्रतिनियुक्त कर्मचारी नहीं पहुंचे। इसी प्रकार, प्रभात जर्दा फैक्ट्री में दोपहर 1 बजे तक सिस्टम ही नहीं खुला। डीआईओ कार्यालय से सिस्टम अनलॉक किया गया तब टीका देने का काम शुरू हुआ। आमगोला सेंटर की एएनएम मीनापुर में काम करती हुई पाई गई। वहां दूसरे एएनएम को भेज कर वैक्सीनेशन शुरू कराया गया। कोल्हुआ पैगंबरपुर सेंटर पर भी 2 बजे तक वैक्सीन नहीं पहुंची।

अव्यवस्था तो होगी ही : रात 10 बजे तैयार हुआ माइक्रो प्लान, सुबह प्रभारियों को भेजा

बताया जाता है कि कोरोना टीकाकरण को लेकर बुधवार की रात 10 बजे माइक्रो प्लान तैयार किया गया। इसे गुरुवार की सुबह संबंधित प्रभारियों को भेजा गया। जिस कारण जिन कर्मियों की ड्यूटी लगी थी, वे अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए। वैक्सीनेशन प्रभावित होने की सूचना पर सिविल सर्जन डॉ. विनय कुमार शर्मा दिनभर परेशान रहे। वे फोन पर संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते रहे और वैक्सीनेशन सुचारु रुप से संचालित करने का

निर्देश देते रहे। बाद में कंट्रोल रूम में डीआईओ डॉ. अजय कुमार पांडेय, डॉ. सीके दास, डॉ. शंभू कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, अजय कुमार के साथ बैठक कर शुक्रवार के लिए माइक्रो प्लान को अंतिम रूप दिया। सिविल सर्जन ने बताया कि पहले दिन कर्मियों के पहुंचने में देरी होने के कारण कुछ स्थानों पर अव्यवस्था हो गई थी। शुक्रवार से किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसकी पूरी व्यवस्था की गई है।

शहरी क्षेत्र के करीब 7000 लोगों को दिया गया टीका
महाअभियान के पहले दिन गुरुवार को शहरी क्षेत्र में करीब 7000 लोगों को टीका दिया गया। इसके अलावा जिले के अन्य टीकाकरण केंद्रों पर कुल मिला कर 10665 लोगों को कोरोना वैक्सीन दी गई। शुक्रवार को 21 निजी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों समेत 82 सेंटरों पर कोरोना का टीका दिया जाएगा।

इधर, नोडल अधिकारी ने ट्रूनेट मशीन से जांच के तरीके का लिया जायजा

कोरोना सैंपल जांच के नोडल अधिकारी डॉ. यूसी शर्मा और पर्यवेक्षक मनोज कुमार ने सदर अस्पताल स्थित ट्रूनेट मशीन से कोरोना सैंपल की जांच का गुरुवार की दोपहर जायजा लिया। उन्होंने टेक्नीशियन से पूछताछ की और जांच के तरीकों के बारे में जानकारी ली। टेक्नीशियन से पूछा कि कोरोना के पिक टाइम में इस मशीन से औसतन कितने पॉजिटिव आते थे और वर्तमान में क्या स्थिति है। टेक्नीशियन ने उन्हें बिंदुवार जानकारी दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.