बूढ़ी गंडक नदी पूरे उफान पर है। मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर में बूढ़ी गंडक खतरे के निशान से 1.28 मीटर ऊपर बह रही है। बूढ़ी गंडक की सहायक मसान, बलाेर, भप्सा नदियाें के जलग्रहण क्षेत्र में हाे रही बारिश से गुरुवार काे भी नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी रही। इससे नदी के दाएं तटबंध पर भारी दवाब बना हुआ है। अहियापुर के विजयी छपरा के पास स्थित टेनी बांध पर नदी का पानी चढ़ गया है। शहरी क्षेत्र से सटे सभी स्लुइस
गेट काे बंद कर दिया गया है। इस बीच बाढ़ के पानी में डूबने से 3 बच्चियों समेत 6 की मौत हो गई। मुशहरी के सलहां में तटबंध पर भारी दबाव के कारण जल संसाधन विभाग की ओर से युद्ध स्तर पर निराेधात्मक कार्य चल रहा है। महमदपुर काेठी के पास भी काॅफर डैम पर सुरक्षात्मक कार्य जारी है। औराई तथा कटरा इलाके में लखनदेई नदी तबाही मचा रही है।

हालांकि, बागमती के जलस्तर में काफी कमी आने के बाद कटरा के माेहनपुर स्लुइस गेट गुरुवार काे खाेल दिया गया है। इससे लखनदेई नदी का पानी बागमती में गिरने लगा है। इससे लखनदेई नदी से मच रही तबाही में कमी अाने की संभावना है। सलहां के पास तटबंध पर भारी दवाब काे देखते हुए स्थानीय लाेगाें में भारी हड़कंप है। दूसरी ओर, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, कृषि निदेशक अादेश तितरमारे,
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता शांति रंजन शर्मा, मुजफ्फरपुर डीएम प्रणव कुमार के साथ-साथ सीतामढ़ी व शिवहर के डीएम ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकाें काे हवाई सर्वे किया। डीएम प्रणव कुमार ने बताया कि बूढ़ी गंडक नदी से प्रभावित मुराैल से लेकर मीनापुर तथा बागमती नदी से प्रभावित गायघाट, अाैराई व कटरा इलाके का हवाई जायजा लिया गया है।