जदयू की सदस्यता लेते ही बागी बने पूर्व विधायक मंजीत सिंह को मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

पिछले विधानसभा चुनाव में बागी बने पूर्व विधायक मंजीत सिंह की शनिवार को घर वापसी हो गई। जदयू दफ्तर में आयोजित मिलन समारोह में सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, शिक्षा मंत्री विजय चौधरी, खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क सह जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी। मंजीत सिंह को जदयू में शामिल करने के साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

मंजीत सिंह 2020 के विधानसभा चुनाव में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर से निर्दलीय चुनाव लड़े। इसके बाद से वे पार्टी से बाहर चल रहे थे। मंजीत सिंह ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके राजनीतिक पिता हैं। वे समता पार्टी के समय ही पहली बार राज्य के सबसे कम उम्र के विधायक चुने गए थे। विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़े।

यदि वे जीत जाते तो भी उनका समर्थन नीतीश कुमार को मिलता। तेजस्वी यादव के पास वे जेपी और लोहिया की किताबें देने गए थे। इसे राजद में शामिल होने से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उधर, मंजीत सिंह के जदयू में शामिल होने पर बैकुंठपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे मिथिलेश तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने का सियासी पिता नेे मंजीत को इनाम दिया।

समता पार्टी से जुड़े थे मंजीत सिंह के पिता

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मंजीत सिंह ने अपना राजनीतिक सफर ही जदयू से शुरू किया है। जदयू से उनका भावनात्मक लगाव रहा है। उनके पिता भी समता पार्टी से जुड़े थे। उनके पिता दिवंगत होने से पहले मंजीत सिंह की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपी थी।

इस तरह मंजीत सिंह और उनका परिवार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मंजीत सिंह के आने से पार्टी मजबूत होगी। वे कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने मंजीत सिंह को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।

सांसद ललन सिंह ने बताया संघर्ष के दिनों का साथी

सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि मंजीत सिंह जदयू के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वे कभी जदयू से अलग नहीं रह सकते हैं। जदयू पर जितना हक अन्य नेताओं का है उतना ही मंजीत का भी है। वे संघर्ष के दिनों के साथी हैं। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है।

विधायक रहते हुए उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास पर गंभीरता से काम किया। इस अवसर पर विधान पार्षद नीरज कुमार, संजय गांधी, ललन सर्राफ, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह, मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, प्रवक्ता निखिल मंडल, अरविंद निषाद, अजय आलोक, सुहेली मेहता, ओमप्रकाश सेतु आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.