कटोरिया के दीना पासवान अब शराब कारोबारी कहलाना पसंद नहीं करते। यही हाल बेलहर के राजेश सोरेन का है। दोनों ने शराब कारोबार छोड़कर नए सिरे से जिंदगी जीने का संकल्प लिया है। ये अब ठेला चलाएंगे। प्रशासन की एक पहल से इनके जैसे सैकड़ों लोगों की जिंदगी बदलने वाली है।
गरीबों व आदिवासियों की जिंदगी सुधारने के लिए प्रशासन से ऐसे 700 लोगों की पहचान की है, जो देसी व महुआ शराब बनाने से जुड़े हुए थे। इन्हें जेल से बाहर निकलने पर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। कुछ को उद्यमी तो कुछ को रोजगार के लिए ठेला दिया जाएगा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत अभी पहले चरण में लगभग 20 लाख रुपये खर्च कर 200 से अधिक ठेलों का निर्माण भी होगा। इसके लिए जीविका द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि लोग खुद इसके निर्माता बन सके।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई में 165 एवं पुलिस की कार्रवाई में 500 से अधिक लोगों को अवैध शराब बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। डीएम सुहर्ष भगत ने बताया कि लगभग ऐसे लगभग 700 दलितों एवं आदिवासियों की पहचान की गई है। इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि ये शराब निर्माण छोड़कर कोई और काम कर सकें।
लोगों को पहले हाथ से खींचने और मोटर चालित, यानी दो तरह के ठेलों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान इन्हें मजदूरी भी दी जाएगी। चयनित लोगों को हुनर के अनुसार काम दिया जाएगा। कुछ को भाड़े पर लगाने के लिए भी ठेला दिया जाएगा। 300 से अधिक लोगों को ठेले पर सब्जी, कपड़ा, मसाले सहित अन्य सामान बेचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। भीतिया की रजनी सोरेन ने बताया कि वे अब महुआ शराब निर्माण छोड़कर ठेले पर सब्जी बेचेंगी।
लगभग 700 लोगों का शराब निर्माण से नाता तुड़वाने की योजना है। इसके लिए ठेला चलाने से लेकर बनाने तक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जीविका के माध्यम से सबको को रोजगार देने की योजना बनाई गई है। प्रशासन की टीम इस पर काम कर रही है। – सुहर्ष भगत, डीएम, बांका
