बिहार के मुजफ्फरपुर से बीजेपी सांसद अजय निषाद ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला है। बीजेपी सांसद ने कहा है कि प्रदेश में कहीं भी सुशासन का राज नहीं दिख रहा है। लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था अच्छी नहीं है। यह और भी मजबूत होनी चाहिए।

लॉ एंड ऑर्डर पर उठाए सवाल
बीजेपी सांसद के इस बयान से बीजेपी-जेडीयू के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो सकती है। मुजफ्फरपुर से सांसद अजय निषाद ने यह भी कहा कि 2005 से सीएम नीतीश कुमार ही हैं। प्रदेश की कमान उन्हीं के हाथों में है। अभी बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं है। पुलिस और प्रशासन से मिलकर इसको मजबूत करने की जरूरत है। हालांकि, उन्होंने नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि सीएम के पास बहुत काम रहता है। अन्य लोगों को भी इसका ख्याल रखना चाहिए। सभी काम तो वो नहीं कर सकेंगे। इसके लिए अलग-अलग विंग बनाये गए हैं। सभी को दायित्व सौंपा गया है। जिनको जो काम सौंपा गया है। उसका वे ठीक तरीके से निर्वहन करें। इसके बाद सबकुछ ठीक हो जाएगा।
दोषी अधिकारी के खिलाफ हो कार्रवाई

रविवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बीजेपी सांसद अजय निषाद मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने बिहार में पुलिस की व्यवस्था को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा। मीडियाकर्मियों ने उनसे लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल किया था। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की ओर से बिहार सरकार को मिली फटकार पर भी जवाब मांगा। इस पर अजय निषाद ने कहा कि यह पूरी तरह से गलत है। किसी ट्रक ड्राइवर को अवैध तरीके से 35 दिन रखना जूर्म है। दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों की थी तल्ख टिप्पणी
दरअसल, शनिवार को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की एक याचिका को खारिज करते हुए तल्ख टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने कहा कि बिहार में लगता है कानून राज नहीं, पुलिस का राज है। बिहार सरकार ने हाईकोर्ट के एक फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। बिहार पुलिस ने एक ट्रक ड्राइवर को 35 दिनों तक अवैध हिरासत में रखा था। इसको लेकर पटना हाईकोर्ट ने 5 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया था। इसी के खिलाफ बिहार सरकार सुप्रीम कोर्ट गई थी। जहां, याचिका को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को जमकर फटकार लगाई।