चाचा व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस को नहीं छोड़ने वाले हैं लोजपा सांसद चिराग पासवान. लोकसभा में नेता पद को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट से मिले झटके के बाद चिराग अब फूंक-फूंक कर कदम बढ़ाएंगे. अब वे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की ओर से दिए गए आदेश के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील करेंगे. उन्होंने इसे लेकर लॉ एक्सपर्ट के साथ मंथन भी किया. बता दें कि पिछले सप्ताह दिल्ली हाईकोर्ट ने लोकसभा में नेता पद को लेकर चिराग पासवान की याचिका खारिज कर दी थी.

दरअसल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने पशुपति कुमार पारस को लोजपा के संसदीय दल के नेता होने की मान्यता प्रदान कर दी थी. इसी फैसले की वजह से वह केंद्र में मंत्री भी बन गए. लोकसभा अध्यक्ष के इस फैसले को चुनौती देते हुए चिराग गुट की ओर से 7 जुलाई को दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर की गई थी, जिसे दो दिन में ही हाईकोर्ट ने खारिज कर दी. अब इस मामले में लोजपा चिराग गुट दिल्ली हाईकोर्ट के डबल बेंच पर अपील करेगा. उन्होंने बिहार में चल रही आशीर्वाद यात्रा को बीच में छोड़कर दिल्ली में लीगल सेल के साथ मीटिंग की.

इतना ही नहीं, चिराग गुट एक बार फिर निर्वाचन आयोग में लिखित आवेदन करेगा. उन्होंने इसके पहले भी चुनाव आयोग से गुहार लगा चुका है. चुनाव आयोग के फैसले पर ही निर्भर करता है कि लोजपा के असली मालिक कौन हैं. बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनावों के दरम्यान कब कितना खर्च किया? इसकी पूरी डिटेल चिराग पासवान से मांगी गई है. चाचा-भतीजे के बीच की लड़ाई का यह मामला चुनाव आयोग के पास लटका पड़ा है. लोजपा की लीगल सेल अभी भी इसे वॉच कर रही है.