बूढ़ी गंडक व बागमती के जलस्तर में जहां कमी आ रही है। वहीं, गंडक नदी का जलस्तर मंगलवार को स्थिर रहा। लेकिन, बूढ़ी गंडक के जलस्तर में कमी आने के बाद भी शहर के निचले इलाकों के साथ आसपास के क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावितों की समस्या अभी कम होती नजर नहीं आ रही है। शहर के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

शहर के कुंडल, शेखपुर ढाब, झील नगर, कर्पूरी नगर, आश्रम घाट समेत जीरोमाइल चौक के आसपास के बाढ़ प्रभावित मोहल्लों के विस्थापित लोग फोरलेन और बांध पर शरण ले रहे हैं। कांटी के मिठनसराय स्थित फोरलेन के साथ मारवाड़ी हाई स्कूल तथा बूढ़ी गंडक नदी के बांध पर बाढ़ पीड़ितों की संख्या अभी भी बढ़ रही है। इधर, बूढ़ी गंडक के दाएं तटबंध पर पानी का भारी दबाव बना हुआ है तथा तीन स्थानों बहादुरपुर कोठिया, मोरसंडी मठिया तथा मोहम्मदपुर कोठी में तटबंध पर अभी कटाव जारी है। वहीं, बागमती के जलस्तर में तेजी से कमी आने से औराई, कटरा एवं गायघाट प्रखंड में बाढ़ प्रभावितों की समस्या में कमी आने लगी है।

सिकंदरपुर में खतरे के निशान से अभी भी एक मीटर ऊपर बह रहा है बूढ़ी गंडक का जलस्तर : जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर सिकंदरपुर में अभी भी खतरे के निशान 52.53 मीटर से एक मीटर ऊपर 53.52 मीटर पर है। वहीं, गंडक नदी का जलस्तर रेवा घाट में खतरे के निशान 54.41 मीटर से नीचे 54.18 मीटर पर है। जबकि, बागमती नदी का जलस्तर कटौझा में खतरे के निशान 55.23 मीटर के नीचे 54.71 मीटर पर तथा बेनीबाद में खतरे के निशान 48.68 से ऊपर 49.31 पर है।