पटना. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और विधायक तेजप्रताप यादव (Tejpratap Yadav) अब अपना बिजनेस विदेशों में भी फैलाने की तैयारी में हैं. तेजप्रताप यादव ने लालू राबड़ी के नाम से शुरू किए अगरबत्ती (LR Agarbatti) शोरूम अब भारत के बाहर भी खोलने का फैसला किया है. दरअसल LR अगरबत्ती शोरूम को इंग्लैंड और सिंगापुर में खोलने का ऑफर तेजप्रताप को मिला है. सूत्रों के मुताबिक, इंग्लैंड और सिंगापुर से कई बिजनेसमैन ने तेजप्रताप से संपर्क साधा है. तेजप्रताप ने शोरूम खोलने की सहमति दे दी है, यानी कुछ महीनों में LR अगरबत्ती शोरूम सिंगापुर और इंग्लैंड में भी होंगे..
लालू-राबड़ी के नाम पर LR अगरबत्ती बिजनेस तेजप्रताप ने हाल में ही शुरू किया है. अगरबत्ती बनाने की मशीनें दानापुर में उस जगह लगाई गई हैं, जहां पहले लालू प्रसाद यादव का बड़ा खटाल हुआ करता था. वहां सैकड़ों गायें पाली जाती थीं और दूध बाजार में बिकता था. लालू मुख्यमंत्री रहते हुए भी खटाल आते जाते रहे और गायों का खासा ख्याल रखते हैं. इसी खटाल में तेजप्रताप ने अगरबत्ती का मुख्य केंद्र बनाया है.
100 से लेकर एक हजार रुपए की हैं अगरबत्तियां
तेजप्रताप यादव ने अगरबत्ती की कई वेरायटी एक साथ बाज़ार में उतारी है. दानापुर में खोले गए एक्सक्लुसिव शोरूम में 100 से लेकर 1000 रुपये तक का पैकेट उपलब्ध है. अगरबत्ती में चंदन, चमेली, गुलाब सहित कई वेरायटी है जो लोगो को खासी आकर्षित कर रही हैं. खास बात यह है कि यहां तैयार अगरबत्ती उन फूलों से बनाई जा रही है जो फूल मंदिरों में चढ़ाए जाने के बाद फेंक दिए जाते हैं. पटना के तमाम मंदिरों से इन फूलों को उठाकर जमा किया जाता है और उनसे अगरबत्ती तैयार की जाती है.