गया में वैक्सीनेशन के लिए दूल्हा-दुल्हन में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र के विश्राम गृह में शादी के लिए दूल्हा और दुल्हन पहुंचे थे। गुरुवार की दोपहर शादी की रस्में चल रही थीं। इस बीच, दूल्हा कोरोना का टीका लेने के लिए विश्राम गृह में चल रहे टीकाकरण अभियान टीम के पास पहुंच गया। दूल्हा ने सात फेरों से पहले टीका लगवाया। दूल्हा को टीका लेते देख दुल्हन भी पहुंच गई। फिर उसे भी टीका लगाया गया।
चल रहा था कैंप
दरअसल, गया शहर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के सिराजपुर गांव के रहने वाले विकास कुमार की शादी रजौली की रहने वाली पूनम कुमारी से तय हुई थी। दोनों पक्ष के लोग शादी के लिए विश्राम गृह आए हुए थे। इस दौरान विश्राम गृह में ही टीकाकरण अभियान चल रहा था। दूल्हे की नजर पड़ गई। उसने एक साथी को टीम के पास भेजा। टीम से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि जल्द दूल्हा को भेजिए। टीका लगा दिया जाएगा। यह सुनते ही दूल्हा विकास कुमार शादी की रस्में छोड़कर टीका लेने के लिए पहुंच गए।
दुल्हन को भी लगा टीका
लड़की पक्ष के लोगों को जब दूल्हे पर नजर नहीं पड़ी। वे परेशान हो गए। किसी ने बताया कि दूल्हा तो टीका लेने के टीकाकरण अभियान टीम के पास गया है। यह जान लड़की पक्ष के लोगों में चर्चा होने लगी। तभी एक महिला ने कहा कि लड़का से लड़की खराब है क्या। दुल्हन भी टीका ले लेगी। यह सुनते ही वहां मौजूद लोग दुल्हन को लेकर टीकाकरण टीम के पास पहुंच गए। अब, दुल्हन भी टीका लेने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद वहां मौजूद नर्स ने दुल्हन को भी टीका लगाया।
लोगों ने की तारीफ
दूल्हा-दुल्हन को टीका लेते हुए देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई हैरानी भरी नजरों से दोनों को देख रहा था। साथ ही, उनकी तारीफ भी कर रहा था। दूल्हा विवेक कुमार ने कहा कि शादी से ज्यादा जरूरी टीका लेना है। कोरोना को हराने का यही एक उपाय है। उन्होंने कहा कि दुल्हन ने भी टीका लिया है। यह खुशी की बात है। हमलोग समाज में संदेश देना चाहते हैं कि टीका लेने से पीछे नहीं हटें। यह बहुत जरूरी है। वहीं, टीकाकरण अभियान का नेतृत्व कर रहे वार्ड पार्षद सुदामा दूबे ने कहा कि ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। इससे लोगों में अच्छा संदेश गया है। कोरोना महामारी से जीतने में मदद मिलेगी।