लोजपा सांसद व अपने गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज फिर से आशीर्वाद यात्रा शुरू की. आज वे सीमांचल पहुंचे थे. कटिहार में आशीर्वाद यात्रा के दौरान समर्थकों की जबर्दस्त भीड़ उमड़ी. युवाओं के साथ ही अच्छी खासी संख्या में महिलाएं भी पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने कटिहार स्थित गोरखपुर धाम स्थित मंदिर में पूजा की. भगवान का आशीर्वाद लिया.
लोजपा के जमुई सांसद व राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान आज कटिहार पहुंचे. वहां लोगों का हुजूम देखकर वे काफी गदगद थे. चिराग ने उनके स्वागत में लोगों की उमड़ती भीड़ के कई फोटो व वीडियो भी अपने सोशल एकाउंट पर पोस्ट किए. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आप सभी का असीम समर्थन एवं स्नेह देखकर मैं काफी अभिभूत हूं. आप सभी के द्वारा आज मुझे जो प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद मिला उसके लिए मैं सदैव ऋणी रहूंगा.’
इसके पहले चिराग पासवान पटना से बाढ़, मोकामा होते हुए खगड़िया पहुंचे. वहां से वे नवगछिया में भी लोगों से मिले और उनका आशीर्वाद लिया. इसके बाद कटिहार में कई इलाकों में घूमे. बता दें कि चिराग ने अपने पिता दिवंगत रामविलास पासवान की जयंती पर 5 जुलाई को आशीर्वाद यात्रा शुरू की थी. लेकिन बीच में काम पड़ जाने के कारण दिल्ली चले गए थे. इसके बाद आज से आशीर्वाद यात्रा का दूसरा चरण शुरू हुआ है.