बिहार में टीकाकरण 2 करोड़ के पार,सबसे अधिक पटना में 39226 लोगों ने लगवाई वैक्सीन, 4 जिलों में एक हजार से कम

बिहार में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा दो करोड़ (2,00,85,324) पार कर गया। शुक्रवार को राज्य के 1830 टीकाकरण केंद्रों पर रात 10 बजे तक कुल 2 लाख 55 हजार 283 लाेगाें काे टीका लगा। सबसे अधिक पटना में 39,226 लोगों को टीका लगा। दूसरे नंबर पर सारण रहा, जहां 17,516 लोगों को टीके लगे। 26 जिलों में 10 हजार से कम हुआ टीकाकरण।

12 जिलों में टीकाकरण की संख्या 2 हजार से कम रही। जबकि, चार जिलों में एक हजार से भी कम टीकाकरण हुआ। अब तक बिहार में 1 करोड़ 70 लाख 82 हजार 506 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। जबकि, 30 लाख 2 हजार 818 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी है। इसमें कोविशील्ड लेने वालों की संख्या 1 करोड़ 79 लाख 97 हजार 168 है।

वहीं, 20 लाख 87 हजार 152 लोगों ने कोवैक्सीन लिया है। स्पूतनिक लेने वालों की संख्या 1004 है। राज्य में अब तक हुए कुल टीकाकरण में 18 से 44 वर्ष के बीच के 90, 68, 546 लोगों को टीका लगा है। 45 से 60 वर्ष के बीच के 57, 47, 121 लोगों ने टीका लिया है। वहीं, 60 वर्ष से ऊपर के 52, 69, 657 लोगों को टीका लगा है। इनमें पुरुषों की संख्या 1,09,50,814, जबकि महिलाओं की संख्या 91,30,650 है।

पटना नगर निगम की तरह दानापुर, फुलवारी नगर परिषद सहित अन्य सभी नगर निकाय में अभियान चलाकर सभी लोगों को टीका दिया जाएगा। शुक्रवार को जूम के माध्यम से समीक्षा बैठक के दौरान डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी को कार्यपालक पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, और प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक कर शतप्रतिशत टीकाकरण का अभियान चलाने के लिए रणनीति बनाने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.