RJD का महंगाई के खिलाफ दो दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन का आज पहला दिन है। RJD के आह्वान पर पार्टी के नेता आज प्रखंड स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार सुबह से वैशाली में कई जगहों पर RJD नेता सड़कों पर उतर आए। वैशाली के भगवानपुर में कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर बढ़ते डीजल, पेट्रोल, घरेलू गैस के दामों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। RJD नेता केदार प्रसाद यादव के नेतृत्व में बैलगाड़ी पर चढ़कर, हाथ में गैस सिलेंडर, खाली गैलन लेकर विरोध प्रदर्शन किया। केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
RJD कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, CM नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। कार्यक्रम में दर्जनों RJD समर्थकों ने हिस्सा लिया। सभी कार्यकर्ता RJD के झंडा, खाली गैलन, घरेलू गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया।

जालिम सरकार का मुखरता से विरोध करोः लालू यादव
लालू यादव ने शनिवार को महंगाई वाले नारे के साथ अपने चाहने वालों को सोशल मीडिया के जरिए जाग जाने का संदेश भी दिया था । उन्होंने लिखा कि- ‘महंगाई के खिलाफ 18-19 जुलाई को RJD का विरोध प्रदर्शन होगा। भ्रष्टचार, महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी बढ़ रही है और सरकार आम जनता से लड़ रही है। इस जालिम सरकार का मुखरता से विरोध करो।’
दोपहर 3 बजे पटना के कारगिल चौक पर होगा पुतला दहन
RJD के प्रदेश कार्यालय के सचिव चन्देश्वर प्रसाद सिंह ने जानकारी दी है कि बढ़ते महंगाई तथा पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों के विरोध में पुतला दहन करेंगे। रविवार दोपहर 3 बजे पटना महानगर एवं पटना सदर प्रखण्ड की ओर कारगिल चौक/ गांधी मैदान यह पुतहा दहन किया जाएगा।