बिहार में आरजेडी का राज्यव्यापी प्रदर्शन चल रहा है. पार्टी सुप्रीमो लालू यादव के आह्वान पर आज रविवार को महंगाई को लेकर केंद्र व बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है. आरजेडी का महंगाई के खिलाफ दो दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन का आज पहला दिन है. आज प्रखंड स्तर पर प्रदर्शन किया जा रहा है, जबकि कल जिलास्तर पर आरजेडी के नेता व कार्यकर्ता उतरेंगे.
बिहार के पटना समेत सभी जिलों के प्रखंड में आरजेडी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं. पटना के फुलवारी शरीफ में तो आरजेडी नेता श्याम रजक खुद मोर्चा संभाले हुए हैं. इसी तरह, वैशाली के भगवानपुर में कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी के साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ते डीजल, पेट्रोल व घरेलू गैस के दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने बैलगाड़ी पर चढ़कर, हाथ में गैस सिलेंडर, खाली गैलन लेकर विरोध प्रदर्शन किया. सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

बिहार के तमाम प्रखंडों में हो रहे प्रदर्शन की तस्वीरें भी आरजेडी के सोशल मीडिया पर अपलोड की जा रही है और प्रदर्शन की जानकारी दी जा रही है. नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ भी नारेबाजी की. कहीं कहीं तो पीएम और सीएम के पुतले भी फूंके गए. पटना व वैशाली के अलावा मुंगेर, दरभंगा, गया, समेत तमाम जिलों के प्रखंडों में आरजेडी की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है.