बारिश ने महंगाई के खिलाफ आंदोलन को धोया: RJD का महंगाई के खिलाफ आंदोलन बारिश के कारण पड़ा फीका, PM मोदी का पुतला जलने से पहले ही भींगा; तेजस्वी यादव भी शामिल नहीं हुए

बिहार के कई हिस्सों में जोरदार बारिश की वजह से महंगाई डाइन के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का आंदोलन फीका रहा। जैसे ही कार्यकर्ता और विधायक सड़कों पर उतरे बारिश ने आंदोलन के अरमानों पर पानी फेर दिया। लगातार 2 घंटे तक झमाझम बारिश के बीच आंदोलन कमजोर पड़ता दिखा। कारगिल चौक पर PM मोदी का पुतला जलाने से पहले भींग गया, जिसके काऱण काफी मशक्कत के बाद पुतला जलाया गया। रविवार को प्रखंड स्तर पर यह आंदोलन किया गया जबकि सोमवार को जिला स्तर पर सरकार का विरोध किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी कार्यक्रम में बारिश की वजह से शामिल नहीं हुए, लेकिन उन्होंने ट्विटर पर नया नारा गढ़ दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- ‘बिजली महंगी, राशन महंगा और महंगा तेल, नीतीश-भाजपा की सरकार है या जीरो अंडा गोल।’

कारगिल चौक पर बारिश के बीच पुतला जलाया
राजधानी पटना के गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री का पुतला जलाया गया। बारिश में भींगे पुतलों को जलाने में भी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन पेट्रोल तो पेट्रोल है आग पकड़ ही लेती है। एक तरफ पुतला जलता रहा और दूसरी तरफ महंगाई बढ़ानेवाली सरकार के खिलाफ नारेबाजी होती रही। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। राजद नेता एजाज अहमद और भाई अरूण ने कहा कि जिस तरह से पेट्रोलियम पदार्थों में आग लगी हुई है। उसके खिलाफ लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के आह्वान पर महंगाई के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है।

नहीं शामिल हुए तेजस्वी यादव

पटना के फुलवारी प्रखंड कार्यालय के पास होने वाले आंदोलन में हिस्सा लेने साढ़े 12 बजे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल होने वाले थे, लेकिन बारिश की वजह से वे नहीं आ पाए। पटना के मालिनीचक अनीसाबाद से पूर्व मंत्री श्याम रजक के नेतृत्व में बैलगाड़ी जुलूस निकला गया। लेकिन, महंगाई के खिलाफ यह काफिला कुछ ही दूर चला कि झमाझम बारिश होने लगी और लोग तितर-बितर हो गए। कई समर्पित कार्यकर्ता बारिश में भी नारेबाजी करते रहे।

बैलगाड़ी और साइकिल से निकले विधायक
वैशाली के महुआ में राजद विधायक मुकेश रोशन ने सरकार के खिलाफ अपने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। विधायक मुकेश रोशन बैलगाड़ी पर सवार होकर चेहराकला से 10 किमी. की दूरी तय कर महुआ के गांधी चौक पहुंचे। विधायक के साथ पांच बैलगाड़ी चलती रही। विधायक ने साइकिल चलाकर विरोध प्रकट किया। विधायक मुकेश ने कहा कि यदि सरकार आने वाले समय में महंगाई रोकने में विफल रही तो राजद आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.