तेजस्वी के नेतृत्व में सड़क पर उतरा आरजेडी, टमटम-तांगे पर गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन कर रहे नेता-कार्यकर्ता

बिहार में महंगाई के खिलाफ आरजेडी आज सोमवार को लगातार दूसरे दिन सड़क पर उतरा है. पटना समेत सभी जिला मुख्यालयों में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं. पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद मोर्चा संभाले हुए हैं. उनके साथ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, पूर्व मंत्री आलोक मेहता, पूर्व मंत्री श्याम रजक समेत अनेक वरीय नेता शामिल हैं.

पटना में आरजेडी कार्यकर्ता टमटम और तांगे के साथ सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं. तेजस्वी यादव ने बेतहाशा महंगाई के खिलाफ नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की सरकारों पर जमकर भड़ास निकाली है. तेजस्वी ने कहा कि हम लोग सड़क से सदन तक प्रदर्शन कर रहे हैं. आज से पार्लियामेंट का सत्र शुरू हुआ है. आरजेडी पार्लियामेंट में भी महंगाई का विरोध कर रही है. उन्होंने कहा कि हर चीज मंहगी हो गयी है. इससे लोग त्राहिमाम कर रहे हैं. लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है.

मंहगाई के खिलाफ आरजेडी का प्रदर्शन पटना समेत मुजफ्फरपुर, मुंगेर, भागलपुर, वैशाली, गया, सीतामढ़ी, शिवहर समेत सभी 38 जिलों में चल रहा है. कहीं खाली सिलेंडर लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं तो कहीं पेट्रोल व डीजल के खाली गैलन लेकर नारेबाजी कर रहे हैं. आरजेडी के आइटी सेल की ओर से सोशल मीडिया पर प्रदर्शन की तस्वीरें भी अपलोड की जा रही हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.