MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की तस्करी और लूट डकैती जैसी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में संलिप्त शातिर अपराधकर्मियों के जमावड़े की सूचना पर अहियापुर थानाध्यक्ष ने छापेमारी कर गिरोह के सरगना समेत आधा दर्जन अपराधकर्मियों को हथियार, हाई स्पीड बाइक और मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है.
बुधवार संध्या मिली गुप्त सूचना के आधार पर सत्यापन उपरांत थाना क्षेत्र के जमालाबाद स्थित लीची गाछी में घेराबंदी कर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान युवक पुलिस को देखकर भागने लगे जिन्हे पुलिसकर्मियों द्वारा खदेड़ कर धर दबोचा गया. पकडे गए युवकों की पहचान इमली चौक, कोल्हुआ पैगम्बर निवासी सोनू कुमार, विश्वजीत कुमार उर्फ़ राजा कुमार, इमली चौक कोल्हुआ दादर निवासी मनोज कुमार उर्फ़ संजीत कुमार और राहुल कुमार, एकता नगर कोल्हुआ पैगम्बरपुर निवासी मिथिलेश रजक (पांचो अहियापुर थाना क्षेत्र) और नगर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी बालूघाट निवासी संतोष कुमार मिश्रा के रूप में की गई है.

तलाशी के दौरान शातिर अपराधकर्मी सोनू कुमार के कमर से एक देशी कट्टा एवं एक राउंड जिन्दा कारतूस और नाभि के पास छुपा कर रखा गया आधा किलो चरस बरामद किया गया. वहीं मनोज कुमार उर्फ़ संजीत कुमार के पास से एक काले रंग का 150 सीसी का पल्सर बाइक और मिथिलेश रजक और संतोष कुमार मिश्रा के पास से एक-एक सैमसंग और एमआई कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया गया है.
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कोल्हुआ पैगम्बरपुर चौक निवासी सोनू कुमार ही इस गैंग का लीडर है और पूर्व में भी जेल जा चुका है. काँटी और मिठनपुरा थाना में सोनू के खिलाफ लूट, डकैती छिनतई, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के लगभग 8 मामले दर्ज हैं.
वहीं मनोज कुमार उर्फ़ संजीत कुमार के विरुद्ध भी काँटी थाना में लूट, डकैती, डकैती की योजना, नारकोटिक्स ड्रग्स साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट और गैर जमानतीय धाराओं के तहत 03 मामले दर्ज हैं. कोल्हुआ दादर के इमली चौक निवासी राहुल कुमार के विरुद्ध भी काँटी थाना में लूट, आर्म्स एक्ट जैसे 03 मामले दर्ज हैं.
सिटी एसपी ने बताया की यह गिरोह लूटपाट डकैती जैसी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के साथ-साथ प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खरीद बिक्री और तस्करी भी करते थे. पुलिस टीम जांच में जुटी है कि चरस जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ की खेप इन तक कैसे और किन माध्यमों से पहुँचती थी.
नगर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा पकडे गए अपराधियों का अन्य थानों और आसपास के जिलों में भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है, वहीं इनके स्वी’कारोक्ति बयान और बरामद मोबाइल के सीडीआर के आधार पर पुलिस टीम इनके गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ़्तारी हेतु छा’पेमारी में जुटी है.





