वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधीर कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के मामले में उनके पक्ष में उतरे हम सेक्युलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने गुरुवार को पलटी मार दी। मांझी ने अब सुधीर कुमार को नसीहत दी है। कहा है कि आईएएस सुधीर कुमार को अपनी कोई बात कहनी है तो पेपर लीक केस की जांच कर रहे अधिकारियों के समक्ष रखें।
यूं लोकप्रिय नेता नीतीश कुमार को बदनाम न करें। मांझी ने सुधीर कुमार के बहाने आरजेडी पर भी हमला बोला है। मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा- जिस आईएएस पर केस कराने से लेकर जेल भेजवाने तक में आरजेडी के नेता ताली पीटते रहे, आज उसी आईएएस को थाना में भेजकर राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं।

पहले कहा था- जो थाने में आए उसकी प्राथमिकी दर्ज की जाए
दो दिन पहले ही जीतनराम मांझी ने खुलकर कहा था कि आईएएस सुधीर कुमार के मामले में एफआईआर तो होनी ही चाहिए। ठीक दो दिन बाद मांझी ने उन्हें जांच अधिकारियों के पास जाने की नसीहत दे डाली। 20 जुलाई को मांझी ने कहा था कि किसी भी आदमी को अगर दिक्कत होती है तो उनका एफआईआर थाने को लेने की जरूरत है।
थाना के शरण में जो जाते हैं, चाहे वह दलित हो या कोई और उनका एफआईआर तो होना ही चाहिए। आगे इंवेस्टिेगेशन में क्या होगा नहीं होगा यह अलग बात है। इनके (सुधीर कुमार) मामले में एफआईआर नहीं होना चिंता का विषय है। सुधीर कुमार बिहार के मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों के खिलाफ एससीएसटी थाने में शिकायत दर्ज कराने गए थे। थाने में आवेदन देने के लिए उन्हें 4 घंटे इंतजार करना पड़ा था। लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ।