पटना: फूलन देवी का शहादत दिवस मनाने वाराणसी आए VIP के नेताओं को पुलिस ने होटल में रोका

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल तेजी से सक्रिय हो रहे हैं। रविवार को वाराणसी में पूर्व सांसद फूलन देवी का शहादत दिवस मनाने आए विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को होटल डी पेरिस से बाहर निकलने से पुलिस ने मना कर दिया। इसके साथ ही होटल के इर्दगिर्द फोर्स तैनात की गई है। पुलिस का कहना है कि वीकेंड लॉकडाउन पर पार्टी की ओर से कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मांगी गई अनुमति को अस्वीकृत कर दिया गया था।

मुकेश साहनी बताएंगे अपनी पार्टी की विचारधारा के बारे में

बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री और VIP के अध्यक्ष मुकेश साहनी रविवार दोपहर बाद वाराणसी आएंगे। निषाद समाज के लोगों से मुलाकात के साथ ही वह अपनी पार्टी और उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति के बारे में बताएंगे। वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित होटल डी पेरिस में ठहरे VIP के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष पप्पू चौहान ने कहा कि वह, पार्टी पदाधिकारी और कुछ कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए रुके हुए हैं। सारे बड़े कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

उधर, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने कहा कि होटल के साथ ही पुलिस एयरपोर्ट पर भी घेराबंदी कर रखी है। ऐसा करके पुलिस न जाने क्या संदेश देना चाहती है। अनुमति न मिलने पर हमने अपना कार्यक्रम छोटा कर दिया है। इसके बावजूद हमें छोटा कार्यक्रम और प्रेस कांफ्रेंस की अनुमति नहीं दी जा रही है। हमें पार्टी अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट भी नहीं जाने दिया जा रहा है। हमारी मांग है कि हमारे जो भी लोग नजरबंद हैं उन्हें तत्काल छोड़ा जाए।

22 जुलाई को फूलन देवी की प्रतिमा कर ली गई थी जब्त

VIP के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामनगर क्षेत्र के सूजाबाद में पूर्व सांसद फूलन देवी की लोकार्पण रविवार को करने वाले थे। हालांकि इससे पहले ही बीती 22 जुलाई को पुलिस ने प्रतिमा को जब्त कर लिया था। पुलिस का कहना था कि बगैर प्रशासनिक अनुमति के प्रतिमा नहीं स्थापित करने दी जाएगी। इसे लेकर VIP के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खासी नाराजगी जताई थी। बाद में पुलिस ने पार्टी पदाधिकारियों को प्रतिमा वापस कर दी थी तो वह उसे लेकर पटना चले गए थे।

उधर, एडीसीपी वरुणा जोन विनय कुमार सिंह ने बताया कि VIP के नेताओं के पास किसी भी आयोजन की प्रशासनिक अनुमति नहीं है। इस वजह से उन्हें समझाया गया है कि वे वीकेंड लॉकडाउन का पालन करें। वीकेंड लॉकडाउन और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 का उल्लंघन होने पर पुलिस अपना काम करेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.