कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने के लिए सदर अस्पताल के नवनिर्मित मातृ शिशु अस्पताल बन कर तैयार हो गया है। हालांकि कुछ शेष बचे कार्यों के कारण अस्पताल के शुभारंभ होने में देरी हो रही है। इसको लेकर डीएम सुनील कुमार यादव ने इस माह के अंत तक अस्पताल के सभी छोटे-बड़े कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया है। क्योंकि आगामी माह के किसी भी तिथि को अस्पताल का शुभारंभ किया जा सकता है। हालांकि अब तक शुभारंभ होने की औपचारिक तिथि की घोषणा नहीं की गई है। डीएम ने संभावना व्यक्ति की कि आगामी 15 अगस्त से पहले अस्पताल का शुभारंभ किया जा सकता है।
फिलहाल अस्पताल में शेष बचे हिस्सों में पेटिंग कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। साथ ही कुछ फर्नीचर की व्यवस्था को लेकर भी कार्य किया जा रहा है। इसे जल्द पूरा होने की बात कही गई है। नवनिर्मित अस्पताल के निर्माण करने वाले बीएमएसआईसीएल के साइट इंजीनियर राहुल कुमार ने बताया कि लिफ्ट का कार्य पूरा हो गया है। अस्पताल में बिजली सप्लाई देने को लेकर 300 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया जा चुका है। बिजली की आपूर्ति कराने को लेकर बिजली विभाग को 11 हजार तार में जोड़ने के लिए आवेदन दिया है। लेकिन, अब तक विभाग की ओर से तार नहीं जोड़ा गया है। इस कारण बिजली की सप्लाई नहीं हो सकी है। जल्द ही बिजली की सप्लाई को पूरा कर लिया जाएगा।

जांच सैंपल बाहर भेजने की जरूरत नहीं होगी
तीसरी लहर को देखते हुए डीएम के निर्देश पर सदर अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच लैब बनकर तैयार हो गया है। इसे चालू करने को लेकर विभाग द्वारा तिथि निर्धारित करने को लेकर चर्चा की जा रही है। लैब का निर्माण कर रहे संवेदक निरंजन कुमार ने बताया कि इस लैब की लागत 74 लाख 56 हजार 174 रुपए है। इस लैब का निर्माण बीएमएसआईसीएल पटना की कंपनी द्वारा किया गया है। आरटीपीसीअार जांच लैंब के शुरू होने से मरीजों की कोरोना जांच जिले में की जा सकती है। अब लोगों का जांच सैंपल को बाहर भेजने की जरूरत नहीं होगी। ज्ञात हो कि कोरोना की पहली व दूसरी लहर में कोरोना जांच कराने को लेकर आरटीपीसीआर लैब की व्यवस्था नहीं थी। इस कारण मरीजों का जांच सैंपल मुजफ्फरपुर व पटना भेजना पड़ता था। इस कारण लोगों को संक्रमण होने का पता 72 घंटे के बाद पता चलता था। अब जिले में आरटीपीसीआर लैंब में लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जल्दी मिल जाएगी।