सीतामढ़ी: तीसरी लहर से पहले एंबुलेंस की कमी होगी पूरी, जिले में तैनात होगी 19 एंबुलेंस, मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत शनिवार को छह लाभुकों के बीच नए एम्बुलेंस की चाबी सौंपी गई। सुनील कुमार यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर से मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना अंतर्गत 6 लाभुकों को एम्बुलेंस की चाभी संौपी। उन्होंने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 19 लाभुकों का चयन किया गया है। पहले चरण में छह लाभुकों को 6 एम्बुलेंस की चाबी सौंप दी गई है। शेष लाभुकों को बैंकिंग प्रक्रिया पूर्ण होते ही एम्बुलेंस की चाबी सौंप दी जाएगी।

डीएम के बताया कि सभी एम्बुलेंस आवश्यक उपकरणों से लैस है। इस योजना अंतर्गत प्रति लाभुक अधिकतम 2 लाख का अनुदान दिया जाता है। एक एम्बुलेंस की कीमत 5 लाख तीन हजार रुपए है। उन्होंने बताया कि शेष राशि पर भी बैंक द्वारा अपेक्षाकृत कम ब्याज लिया जाता है। कहा कि जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि बैंकों से समन्वय कर सहजता के साथ लाभुकों को एम्बुलेंस उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेंगे।

कोरोना की लहर को देखते हुए दी जा रही एम्बुलेंस की सुविधा
डीएम ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान निजी क्षेत्रों में एंबुलेंस की कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत एंबुलेंस योजना को शामिल करने का निर्देश दिया गया था। संभावित तीसरी लहर को देखते हुए जिले में अब 19 एम्बुलेंस ओर बढ़ जाएगी। कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को गोल्डन आवर में अस्पताल नहीं पहुंचाने की वजह से उनकी मृत्यु हो जाती है। अब ग्रामीण इलाकों में भी एंबुलेंस की उपलब्धता हो जाने सड़क दुर्घटना के फलस्वरूप मृत्यु में निश्चित रूप से कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को न सिर्फ रोजगार मिल सकेगा, बल्कि सही समय पर इलाज मिल सकेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.