महंगाई, जासूसी, और रोजगार जैसे मुद्दे को लेकर गुरुवार को राजधानी पटना में युवा कांग्रेस के सदस्य सड़को पर उतर आए। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के नेताओं ने इस मसले पर विधानसभा घेराव की बात कही।
मौके पर बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन पटेल ने कहा कि केंद्र के मोदी सरकार की गलत नीति का खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है। केंद्र सरकार ने महंगाई और बेरोजगारी जबरदस्त तरीके से बढ़ा दी है। गुंजन पटेल ने कहा कि देश उनसे उम्मीद लगाए बैठा था कि पीएम राहत देंगे। जबकि पीएम ने राहत देने की बजाए जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ाकर लोगों की कमर तोड़ दी।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने पेगासस को लेकर भी केंद्र को घेरा। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र सरकार पेगासस के जरिए विशेष संस्थानों, कुछ विपक्षी नेताओं और सुप्रीम कोर्ट के जजों की जासूसी करा रही है। जिसपर तत्काल रोक लगनी चाहिए। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि पर भी लगाम लगाई जानी चाहिए।
वहीं, विधानसभा मार्च के लिए निकले युवा कांग्रेस के सदस्यों को राजापुर मैनपुरा इलाके में प्रशासन ने रोक दिया। जहां सभी कार्यकर्ता और नेता धरने पर बैठ गए हैं। कांग्रेसी नेताओं के धरने पर बैठने से यातायात पूरी तरीके से बाधित हो गई है।