चलती ट्रेन में चड्डी-बनियान में घूमने वाले JDU विधायक की सफाई- जो हुआ उसका अफसोस

पटना.  राजेंद्रनगर से नई दिल्‍ली को जाने वाले राजधानी एक्‍सप्रेस में चड्डी-बनियान में घूमने वाले JDU विधायक ने चलती ट्रेन में हुई घटना पर अफसोस जताया है. भागलपुर के गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल ने ने कहा कि राजधानी तेजस एक्‍सप्रेस में हुई घटना पर उन्‍हें अफसोस है. बता दें कि ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री ने माननीय पर अभद्रता का भी आरोप लगाया था. गोपाल मंडल ने कहा कि उन्‍होंने यात्री से माफी मांग ली थी. उन्‍होंने कहा, ‘जो हुआ उसका मुझे अफसोस है, लेकिन मेरी कोई गलती नहीं थी. पेट खराब था, जिस वजह से जल्‍दबाजी में वॉशरूम के लिए निकल गया था. इसलिए कपड़े नहीं पहन सका था.

बिहार में सत्‍तारूढ़ जदयू के विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि जिस वक्‍त वह चड्डी और बनियान में वॉशरूम से आ रहे थे, उस वक्‍त वहां कोई महिला नहीं थी. इससे जुड़ी गलत बातें फैलाई जा रही हैं. उन्‍होंने बताया कि एक यात्री ने उनका हाथ पकड़ कर कहा कि वह कहां जा रहे हैं. उन्‍होंने बताया कि वॉशरूम से आने के बाद तुम-तड़ाम जरूर हुई थी.

अक्‍सर विवादों में रहने वाले भागलपुर के गोपालपुर से जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल की तस्‍वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है. वह राजेंद्रनगर-नई दिल्‍ली राजधानी एक्‍सप्रेस (Rajendra Nagar-New Delhi Rajdhani Express) में चड्डी और बनियान में घूमते हुए दिख रहे हैं. आरोप है कि चलती ट्रेन में उनकी इस हरकत पर आपत्ति जताने वाले एक यात्री से उन्‍होंने गाली-गलौज तक कर डाली. हालात बिगड़ने पर RPF को हस्‍तक्षेप करना पड़ा था.

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात पटना-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस के ए-1 कोच में जदयू के भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल को अंडरवियर में टहलने पर यात्री का विरोध झेलना पड़ा. ट्रेन जैसे ही पटना से चली विधायक अपने कपड़े उतारकर अंडरवियर में आ गए. इसके बाद वह इसी हाल में वह टॉयलेट की तरफ जाने लगे. विधायक का बोगी में इस तरह घूमना साथ में यात्रा कर रहे एक यात्री को नागवार गुजरा. जब पैसेंजर ने मना किया तो विधायक रौब जताने लगे. देखते ही देखेते दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और झड़प होने लगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.