
PATNA : पटना विश्वविद्यालय में 5 दिसंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए प्रचार सोमवार की शाम थम गया. अध्यक्ष समेत 28 पदों पर कुल 115 प्रत्याशी मैदान में हैं. 20 हजार 368 मतदाता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशियों ने परिसर के बाहर छात्रों से संपर्क बनाना शुरू कर दिया है. पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान बुधवार की सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक कड़ी सुरक्षा के बीच 14 केंद्रो के 46 बूथों पर वोट डाले जाएंगे. आईडी कार्ड या नामांकन पत्र साथ लाने वाले छात्र ही मतदान कर सकेंगे. परिचय पत्र के बिना परिसर में आने वाले छात्रों को मताधिकार से वंचित होना पड़ेगा. निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्याशियों को चेताया कि आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

गौरतलब है कि सत्र 2017-18 में 160 विद्यार्थियों ने 28 पद के लिए पर्चा दाखिल किया था. हालांकि स्क्रूटनी के बाद 150 प्रत्याशी ही मैदान में बचे थे. इसमें सेंट्रल पैनल के लिए 66 और काउंसिल सदस्य के लिए 84 प्रत्याशी थे. चुनावों के बाद मतगणना तुरंत बाद की जाएगी. नतीजे देर रात तक आने की संभावना होगी.