
SITAMARHI : विश्व दिव्यांगता दिवस 3 दिसंबर 2018 का आयोजन समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बुनियाद केन्द्र, प्रखंड कार्यालय परिसर डुमरा में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सीतामढ़ी के सौजन्य से किया गया । उक्त अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी डॉ रणजीत कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया गया। उन्होंने सरकार द्वारा दिव्यांग लोगों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में बताया। बुनियाद केंद्र की विशिष्टताओं के बारे में बताते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह ” दिव्यांग, वृद्ध, विधवा लोगों के लिए वन – स्टॉप फेसिलिटी सेंटर है जहाँ उन्हें दृश्यता जाँच, श्रवण जाँच, प्रमाणीकरण, फिजियोथेरापी एवं अन्य सुविधा प्रदान की जाती है एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाती है।

फिजियोथेरापी वैन की विशिष्टता को भी उन्होंने रेखांकित किया। इस अवसर पर दिव्याँग बच्चों एवं बच्चियों के लिए रंगोली, पेंटिंग, गायन, निबंध लेखन, नृत्य आदि प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसकी जिला पदाधिकारी ने सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिता के आयोजन से बच्चों में का मनोबल बढ़ता है तथा आत्मविश्वास जाग्रत होता है। इस अवसर पर गोपाल शरण, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला शिक्षा पदाधिकारी सीतामढ़ी रामचंद्र मंडल, जिला प्रबंधक बुनियाद केंद्र नवीन कुमार नवीन,बाल संरक्षण पदाधिकारी नीरज कुमार खन्ना, कविता कुमारी, वंदना कुमारी, मोनिका हिसारिया, रश्मि कुमारी, सत्येंद्र राम, अमृतांशु एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं बुनियाद केंद्र के कर्मी मौजूद थे।
