
SAMASTIPUR : थाना क्षेत्र के रहुआ गांव में एक महिला की हत्या कर उसकी लाश को खेत मे फेंक दिये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. घटना का कारण अवैध संबंध बताया जा रहा है. महिला की हत्या का आरोप उसके प्रेमी पर लगाया जा रहा है. वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है.

घटनास्थल पर थाने की पुलिस ने पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है. पुलिस मामले की तहकीकात करते हुए अग्रेतर कार्रवाई करने में जुट गई है.मृत महिला रोसड़ा के रहुआ गांव के विकास पासवान की 30 वर्षीय पत्नी तेतरी देवी थी. महिला की लाश उसके घर के सामने चोरघटिया में परवल के खेत से पुलिस ने बरामद की है. उसके गले में साड़ी का फंदा था. अनुमान लगाया जा रहा कि उसे फांसी लगाकर हत्याकर दी गयी है. महिला अपने मायके में ही रहती थी.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उसकी दो शादियां हुई थी.पहली शादी विभूतिपुर के एकडारा निवासी रामभरोस पासवान के पुत्र राजेश पासवान से 10 वर्ष पूर्व हुई थी. उससे उसे एक पुत्र और एक पुत्री है. दूसरी शादी रोसड़ा के कालामंजर गाँव के पृथ्वी पासवान के पुत्र विकास पासवान से विगत डेढ़ माह पूर्व हुई थी. महिला अपने मायके रहुआ में ही रहती थी. दूसरे पति बाहर मजदूरी करते हैं. महिला मायके में अपने पहले पति से उत्पन्न संतानों, 8 वर्षीय पुत्र व 6 वर्षीया पुत्री, के साथ रहती थी.पुत्र सज्जन कुमार ने बताया कि पास ही रहने वाला बबलू सहनी उसके घर आता था. रात्रि में भी घर में आकर उसकी मां को जबरन उठाकर बाहर ले गया.

बेटे के मुताबिक, बबलू मां के साथ शादी करने की जिद कर रहा था. मां ने जब इनकार कर दिया तो उसने जान से मारने की धमकी दी थी.स्थानीय लोगों के मुताबिक अवैध सबंध में ही महिला की जान गई है. मृत महिला और आरोपित बबलू सहनी के बीच काफी दिनों से अवैध संबंध कायम था. मृतका ने कुछ दिनों पहले दूसरी शादी रचा ली थी. जिसके चलते बबलू सहनी से उसका मनमुटाव हो गया था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे थे. इसी विवाद में उसकी जान ली गई है.
इस संबंध में एसडीपीओ ने बताया कि मामले की गहन तहकीकात की जा रही है. आरोपित की गिरफ्तारी अविलम्ब कर ली जाएगी.