मुजफ्फरपुर। बाल विकास परियोजना कार्यालय, मुशहरी सदर में मंगलवार को गोदभराई सह पोषण परामर्श केंद्र का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रणव कुमार के द्वारा किया गया। इस दौरान डीएम ने गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने पोषण की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर चार गर्भवती महिला इंदु देवी, सोनी कुमारी, जूही कुमारी और अंशु कुमारी की गोरभराई की गई।

वहीं पोषण परामर्श केंद्र का भी शुभारंभ किया गया। इस दौरान आई.सी.डी.एस चांदनी सिंह ने दिए जाने वाले लाभ और पौष्टिक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थो, प्रसव पूर्व तैयारी, पोषण पोटली, चार बार ए.एन.सी जांच, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का पंजीकरण और लाभुकों को दी जाने वाली राशि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि सुपोषित बच्चे ही समृद्ध राष्ट्र की पहचान है। बच्चे के गर्भ में आने के साथ ही बच्चे एवं माता के खानपान, पोषण, स्वास्थ्य आदि पर सभी गर्भवती माताओं के घरवाले और स्वयं माताओं को ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा, एएनएम के द्वारा गर्भवती महिलाओं को उचित परामर्श और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए विशेष प्रयास किया जाए। उन्होंने मुख्य रूप से कुपोषण छोड़, पोषण की ओर थामे स्थानीय भोजन की डोर इन बातों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने पोषण माह का उद्देश्य घर-घर तक सही पोषण और उचित परामर्श को जनव्यापी आंदोलन रूप में चलाने का निर्देश दिया।

वहीं प्रति वर्ष बौनापन में 2 फीसदी और एनीमिया में 3 फीसदी की कमी लाने के लिए प्रयास करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आई.सी.डी.एस चांदनी सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मुशहरी सदर, नीतू सिंह, जिला समन्वयक सुषमा सुमन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, प्रखंड समन्वयक दर्शना, प्रखंड परियोजना सहायक कोमल कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका, मुशहरी सदर की सेविका, सहायिका सहित स्टाफ उपस्थित थे।


