मुजफ्फरपुर। हरितालिका पर्व तीज को लेकर विभिन्न फलों की मांग में तेजी आ गयी। मांग बढ़ते ही फलों की कीमत में बेतहाश वृद्धि हो गयी। बाजार में अमरूद एवं मक्का का बाल के भाव में लगभग दोगुणा इजाफा हो गया। वहीं विभिन्न फलों के कीमत में दस से बीस रुपये प्रतिकिलो की वृद्धि हुई। बढ़ती कीमत के कारण खरीदार परेशान रहे।

कृषि उत्पादन बाजार समिति के थोक मंडी में फल की मांग में तेजी रही। मांग बढ़ते ही इसके कीमत में इजाफा हो गया। शहर के सरैयागंज, कम्पनीबाग, अखाड़ाघाट, कचहरी रोड, जीरोमाईल, बैरिया, भगवानपुर, जेल चौक अधोरिया बाजार, कच्ची पक्की, कलमबाग रोड आदि जगहों पर फल की बिक्री हुई। शहर के विभिन्न बाजार में जहां दस रुपये बढ़कर केला 30 से 60 रुपये दर्जन, नाशपाती बीस रुपये बढ़कर 80 से 100 रुपये प्रतिकिलो, सेब दस रुपये बढ़कर 70 से 100 रुपये प्रतिकिलो, अमरूद 40 रुपये बढ़कर 80 से 100 रुपये प्रतिकिलो, खीरा 40 रुपये प्रतिकिलो की दर से बिक्री हुई।

वहीं शहर के विभिन्न बाजार में मक्का का बाल की कीमत मनमाना रहा। मक्का का बाल दोगुणा कीमत होकर 20 से 30 रुपये जोड़ा की दर से बेचा गया। वहीं पान की कीमत एक रुपये प्रतिपीस की दर से बेचा गया।

