समस्तीपुर: पूसा से कल्याणपुर पीएसएस तक 14 किलोमीटर 33 केवी लाइन का काम अंतिम चरण में, निर्बाध होगी बिजली की आपूर्ति

अनंता नंद
समस्तीपुर। पूसा पीएसएस से कल्याणपुर पीएसएस तक डेढ़ करोड़ की लागत से 14 किलोमीटर 33 केवी नई लाइन खींचने का काम अंतिम चरण में है। इस नए लाइन के तैयार होने से कल्याणपुर व पूसा सहित आसपास ग्रामीणों में निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति जाएगी।

बताया जाता है कि बैक वार्ड रूलर ग्रांड फंड(बीआरजीएफ) के तहत लाइन का निर्माण हो रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा पोल गाड़ने में रूकावट डालने के कारण लाइन निर्माण में विलंब हुआ है।

बता दें कि विगत वर्ष 2016 में ही पूसा से कल्याणपुर तक शुरू नई लाइन का निर्माण वर्ष 2019 जून तक पूरा हो जाना था, लेकिन लोगों के द्वारा जहां-जहां चार स्थानों पर पोल गाड़ने, तार खींचने में अवरोध डालने के अलावा बाढ़ की विभीषिका के कारण नई लाइन का काम ठप पड़ गया था, लेकिन एजेंसी की ओर से धीरे-धीरे काम जारी रखा गया था।

अब इस नई लाइन के निर्माण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली की आपूर्ति होने के साथ व्यवस्था में काफी सुधार होगा। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार लो-वोल्टेज, शार्ट-सर्किट व तार टूटने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। बिजली विभाग की ओर से शिविर लगाकर शत-प्रतिशत लोगों को बिजली कनेक्शन मुहैया कराया गया है।

इसके कारण बिजली पर लोड बढ़ा है। वहीं विभाग की ओर से नए पीएसएस का तेजी से निर्माण भी किया गया है, इससे लोड बंटने के कारण गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति होगी। बजाज के सीनियर इंजीनियर विष्णु गौतम ने बताया कि नई लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है, एक हफ्ते में ट्रायल कर लाइन से बिजली की आपूर्ति की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.