मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के अलग-अलग कॉलेजों में संचालित वोकेशनल कोर्स की छात्राओं को कन्या उत्थान योजना का लाभ मिलेगा।
बताया जाता है कि सरकार की ओर से सीटों की स्वीकृति मिलने के बाद वोकेशनल कोर्स के चार बैच की करीब 10 हजार छात्राओं का इंतजार खत्म हो रहा है।
अप्रैल 2021 के बाद उत्तीर्ण छात्राओं को 50 हजार रुपये मिलेंगे। अप्रैल 2021 के बाद जिन छात्राओं का परीक्षा परिणाम जारी हुआ है, उन्हें कन्या उत्थान योजना के तहत 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए छात्राओं को इ-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन देना होगा। वहीं विवि की ओर से विभिन्न निकायों से स्वीकृति सीटों की जानकारी के साथ सरकार को पत्र भेज दिया गया है।
सीसीडीसी प्रो.अमिता शर्मा ने बताया कि वोकेशनल कोर्स को यूजीसी से मान्यता है। सरकार से सीटों की स्वीकृति नहीं थी। इस कारण अब तक इस कोर्स की छात्राओं को कन्या उत्थान योजना का लाभ नहीं मिल रहा था। सरकार का कहना है कि स्नातक और समकक्ष सभी कोर्स की छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। ऐसे में वोकेशनल कोर्स की चार बैच की छात्राओं को एक साथ लाभ मिलेगा।
बता दें कि बीबीए, बीसीए, बीएमसी, सीएनडी, माइक्रोबायोलॉजी, इंडस्ट्रियल केमेस्ट्री, फिश एंड फिशरीज, आइएमबी समेत करीब दो दर्जन वोकेशनल कोर्स कॉलेजों में संचालित हो रहे है। मुजफ्फरपुर के साथ ही हाजीपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के विभिन्न कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स का संचालन हो रहा है। सौजन्य: प्रभात खबर