मुजफ्फरपुर। शिक्षा विभाग स्कूल नहीं जाने वाले छह से 14 साल तक केबच्चों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने की तैयारी में है। इसके लिए स्कूल के बाहर के बच्चों को चिन्हित कर उनके घरेलू हालात के बारे में सर्वे होगा।
वहीं इन बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए नई शिक्षा नीति के तहत गृहवार सर्वे होगा। इस संबंध में डीपीओ एसएसए की ओर से सभी बीईओ और सीआरसीसी को निर्देश दिया गया है।
सभी स्कूल में नोडल शिक्षक नियुक्ति किए जाएंगे। नोडल शिक्षक अपने क्षेत्र के बीएलओ से मतदाता सूची हासिल कर स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों का आंकड़ा और जानकारी बाल पंजी में दर्ज करेंगे।
इसके बाद घर-घर जाकर बच्चों का पता लगाएंगे। इसमें एनजीओ व शिक्षकों की भी सहायता ली जाएगी। प्रखंड से लेकर जिला तक के स्कूलों में बच्चों से जुड़े आंकड़ों की एंट्री बेस्ट मोबाइल एप पर करने का निर्देश दिया गया है।

डीईओ अब्दुस सलाम अंसारी ने बताया कि डोर-टू-डोर सर्वे के आधार पर स्कूल से बाहर के बच्चों का नामांकन विद्यालय में करना है। रेलवे स्टेशन, मंदिर-मस्जिद और चौक-चौराहों से लेकर अन्य जगहों पर घुमंतू बच्चों की पहचान कर उन्हें स्कूलों में दाखिला दिलाया जाएगा। सौजन्य: प्रभात खबर
