मुजफ्फरपुर। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 16 सितंबर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्व मध्य रेलवे की ओर से बुधवार को महाप्रबंधक पूर्व मध्य रेल हाजीपुर अनुपम शर्मा की उपस्थिति में ‘ भारतीय रेलों पर कचरा प्रबंधन ’ विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में पूर्व मध्य रेल के सभी अधिकारी भी उपस्थित थे।
संगोष्ठी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना के प्रो. डॉ. सुब्रत हाईत और प्रो. डॉ. संजय कुमार परीडा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इन्होंने रेलों पर कचरा प्रबंधन एवं गैर-परंपरागत ऊर्जा विषय पर पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से अपने विचार रखें।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने विशेष रूप से कचरा प्रबंधन पर पूर्व मध्य रेलवे द्वारा किये गये कार्य की अब तक के प्रयास की सराहना करते हुए इसे और व्यापक स्तर पर प्रबंधन करने हेतु कार्य योजना बनाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना से आमंत्रित अतिथियों से भविष्य में भी उनके बहुमूल्य सुझाव हेतु निरंतर संपर्क बनाये रखने की बात कही।
मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक, एस.एस. पाराशर ने रेलवे के तरफ से जल प्रबंधन, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण एवं राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन हेतु पूर्व मध्य रेल द्वारा किये गये कार्यों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन यांत्रिक विभाग के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अशोक कुमार मिश्र के मार्गदर्शन में सभी विभागाध्यक्षों एवं यांत्रिक विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न हुआ।

