मुजफ्फरपुर : स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारना अभी से ही मुश्किल दिखने लगा है। दरअसल सरकार की ओर से दबाव के बीच काम तो शुरू है, लेकिन गति कामी धीमी है।
बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी-चौक होते हुए स्टेशन रोड का निर्माण धीमी गति से चल रहा है। बताया जाता है कि डीएम व प्रधान सचिव के अल्टीमेटम के बाद भी काम कछुआ गति से चल रहा है।
बैरिया गोलंबर-लक्ष्मी चौक के बीच सड़क किनारे से पेड़ उखाड़ एमआइटी में प्रत्यारोपित करने के बाद जिस जगह से काम शुरू हुआ था, दो माह बाद भी काम उसी जगह पर रुका हुआ है।
एजेंसी बारिश का बहाना बना रही है। स्टेशन रोड धर्मशाला चौक से मोतीझील नगर थाना-तिलक मैदान-सरैयागंज टावर चौक रोड होते हुए अखाड़ाघाट ब्रिज तक की सड़क का भी निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है।
दोनों प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी को दी गई है। अब तक अखाड़ाघाट रोड निर्माण को लेकर किसी भी तरह की कोई सुगबुगाहट भी नहीं है। बताया जाता है कि सूतापट्टी, लक्ष्मी नारायण रोड इस्लामपुर, बैंक रोड, कंपनीबाग रोड सरैयागंज टावर चौक का फेस लिफ्टिंग होना है। मतलब एक जैसा सभी मकान व दुकान दिखेगा। इसके लिए 27 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार करते हुए गुजरात की एजेंसी का चयन किया गया है।
टाउन हॉल का हो रहा जीर्णोद्धार
शहर के कंपनीबाग स्थित टाउन हॉल का जीर्णोद्धार कार्य जोरो पर है। स्मार्ट सिटी के तहत टाउन हॉल का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसकी कुल लागत राशि 1.28 करोड़ रुपए है।
तीन माह में कार्य को पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। नगर निगम की तरफ से अनुमति दिए जाने के बाद जीर्णोद्धार कार्य करने वाली कंस्ट्रक्शन एजेंसी लगातार इस कार्य को पूरा करने में जुटी हुई है। सौजन्य : प्रभात खबर