मुजफ्फरपुर। सरकारी और निजी स्कूलों के बच्चों की कोरोना जांच शुरू नहीं हुई है। डीएम के आदेश के बावजूद अभी तक एक भी सरकारी स्कूल के बच्चों की कोरोना जांच नहीं हुई है।
जबकि, तीसरी लहर की आशंका जताई जा चुकी है। मिठनपुरा के एक निजी स्कूल संचालक ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख कर बच्चों की कोरोना जांच करने को कहा है।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम ने स्कूल में जाकर बच्चों की कोरोना जांच की। लेकिन प्रखंड के एक भी स्कूल में कोराना जांच अभियान नहीं चलाया गया।
इसके डीएम प्रणव कुमार ने 12 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक कर प्रखंड और शहरी क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूलों में टीम भेजकर कोरोना जांच करने का निर्देश दिया था।
उन्होंने कहा कि हर दिन कम से कम दो स्कूल में टीम जाकर हर दिन कोरोना की जांच करें। स्कूलों में पॉजीटिव या निगेटिव केस की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें।
उधर, सिविल सर्जन विनय कुमार शर्मा का कहना है कि जिले के सभी पीएचसी व सीएचसी को निर्देश दिया गया है कि अपने क्षेत्र के निजी व सरकारी स्कूलों में टीम भेज कर कोरोना की जांच करें।
हर दिन कम से कम एक स्कूल में बच्चों की कोरोना जांच कर रिपोर्ट भेजें। सीएचसी व पीएचसी प्रभारी जांच नहीं कर रहे हैं, तो मुख्यालय को लिखा जाएगा। सौजन्य : प्रभात खबर