मुजफ्फरपुर । रजिस्टर्ड एजेंसी द्वारा सरकारी विभाग को होने वाली सामनों की आपूर्ति में गड़बड़ी कर रही है। टेंडर की शर्तों का उल्लंघन कर एजेंसी डुप्लीकेट सामान या फिर साइज में हेराफेरी कर आपूर्ति कर दे दही है।
इस तरह के दो मामले आने के बाद नगर निगम के नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने टेंडर को रद्द करते हुए गड़बड़ी करने वाली एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दरअसल, केंद्र सरकार से अधिकृत जेम पोर्टल के माध्यम से नगर आयुक्त ने छह नए टेलर की खरीदारी का ऑर्डर दिया। 10 फुट लंबा व 6 फुट चौड़ा टेलर की आपूर्ति के बदले सबसे कम रेट पर टेंडर में सफल एजेंसी ने दो फुट लंबाई कम कर टेलर की आपूर्ति कर दी।
ऊंचाई भी तय मानक से कम थी। इसी तरह कूड़ा उठाने वाले 200 रिक्शा ठेला की आपूर्ति में भी गड़बड़ी की गई। एजेंसी ने कूड़ा रखने वाली डस्टबिन घटिया क्वालिटी की सप्लाई कर दी।
दोनों आपूर्तिकर्ता एजेंसी पंजाब की थी। नगर आयुक्त ने दोनों एजेंसी को कड़ी हिदायत देते हुए आपूर्ति किए गए सामान को वापस कर दिया है।
साथ ही टेंडर को रद्द करते हुए ब्लैक लिस्टेड की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त के इस कदम से घटिया सामान की आपूर्ति करने वाली कंपनियों में खलबली मची हुई है। सौजन्य : प्रभात खबर

