हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर, समस्तीपुर, दानापुर, धनबाद व पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल अस्पतालों एवं सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल,पटना में भी ऑक्सीजन प्लांट का हुआ उद्घाटन व शिलान्यास
हाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को 11.00 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ऋषिकेश में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने प्रत्येक राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेश में भी ऑक्सीजन प्लांट को राष्ट्र को समर्पित किया।
इसी कड़ी में रेलकर्मियों के व्यापक स्वास्थ्य हित के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल के दानापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, धनबाद के मंडल रेल अस्पतालों में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन हुआ। सोनपुर एवं समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल अस्पताल एवं सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल,पटना में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास किया गया। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, भारी उद्योग मंत्री, भारत सरकार द्वारा किया गया। न्होंने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना काल में लोगों की सुविधा के मद्देनजर इस अस्पताल की क्षमता 60 बेड से बढ़ाकर115 बेड की व्यवस्था करायी थी।आज ऑक्सीजन प्लांट के चालू हो जाने से अब किसी बेड पर ऑक्सीजन सिलेंडर लगाकर ऑक्सीजन नहीं देना होगा, बल्कि हर बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई पाईपलाइन द्वारा किया जायेगा। जैसे कि किसी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल में होती है। वैसे ही इस रेलवे अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर साधना सिंह, विधायक, सुशील सिंह, विधायक एवं मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य उच्चाधिकारी और चिकित्सक उपस्थित थे ।

पटना में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास
इसी कड़ी में सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल,पटना में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास नितिन नवीन, पथ निर्माण मंत्री, बिहार सरकार द्वारा किया गया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना काल ने हम सबको ऑक्सीजन प्लांट की आवश्यकता से रू-ब-रू कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर आपदा को देखते हुए पूरे देश के प्रमुख अस्पतलों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अनुपम शर्मा, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल सहित पूर्व मध्य रेल के उच्चाधिकारीगण एवं चिकित्सकगण उपस्थित थे ।
दानापुर मंडल के मंडल रेल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण
इसी तरह दानापुर मंडल के मंडल रेल अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण सुशील कुमार मोदी, सांसद द्वारा किया गया। इस अवसर पर रित लाल राय, विधायक एवं मंडल रेल प्रबंधक प्रभात कुमार सहित अन्य उच्चाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।

धनबाद मंडल रेल अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की उद्घाटन
धनबाद मंडल के मंडल रेल अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का उद्घाटन पशुपति नाथ सिंह, सांसद द्वारा किया गया । इस अवसर पर राज सिन्हा, विधायक एवं मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल सहित अन्य उच्चाधिकारीगण एवं चिकित्सकगण उपस्थित थे।

समस्तीपुर व सोनपुर मंडल रेल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का हुआ शिलान्यास
समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास प्रिंस राज,सांसद द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आलोक अग्रवाल सहित अन्य उच्चाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।
इसी कड़ी में सोनपुर मंडल के मंडल रेल अस्पताल में भी पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर डॉ रामानुज प्रसाद, विधायक एवं मंडल रेल प्रबंधक नीलमणि सहित अन्य उच्चाधिकारी और चिकित्सक मौजूद थे।
सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल,पटना में ऑक्सीजन प्लांट से इलाज में होगी सुविधा : जीएम
सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल,पटना में आयोजित समारोह में पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में नितिन नवीन, पथ निर्माण मंत्री, बिहार सरकार एवं उपस्थित अन्य गणमान्य का स्वागत करते हुए कहा कि आज हम सभी नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री के आभारी हैं। जिनके दिशा-निर्देश में कार्य करते हुए भारतीय रेल एक नई ऊंचाई की ओर अग्रसर है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ऋषिकेश में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का राष्ट्र को समर्पण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय, पटना में प्रतिदिन लगभग 900 कर्मचारी एवं सेवानिवृत कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों का इलाज होता है। यहां करीब 40 चिकित्सक अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं।
अस्पताल का शुभारंभ हुआ था 22 जनवरी 2009 को
इस अस्पताल का शुभारंभ 22 जनवरी 2009 को ओपीडी तथा अन्य डायग्नोस्टिक सेवा के साथ हुई थी। 150 बेडों के साथ आईपीडी सेवा की शुरूआत 25 मई 2012 को हुई थी। अभी यह अस्पताल 200 बेडों की क्षमता के साथ सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। अभी इन सभी बेडों पर ऑक्सीजन की सप्लाई सेंट्रल पाईप लाइन से सिलेंडर के द्वारा की जा रही है।

अब यहां ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लग जाने से हॉस्पीटल में ही प्रतिदिन उत्पादित करीब 100 सिलेंडर के बराबर ऑक्सीजन की सप्लाई मरीजों तक पाईपलाईन के द्वारा संभव हो सकेगा। इस प्लांट से कोविड-19 के विरूद्ध जो जंग हमने छेड़ा है उसे जीतने में हमें कामयाबी मिलेगी।
इन सभी पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता प्रति मिनट 500 लीटर की है अर्थात् इनसे 24 घंटे में 7,20,000 लीटर ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी, जो 102 डी टाईप जम्बो सिलेंडर के समतुल्य है। यह प्लांट पाइपलाइन के सहारे100 बेडों पर ऑक्सीजन आउटलेट से जुड़ सकते हैं। जिसके द्वारा अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीजों तक ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति की जाएगी।
इसका कोविड के रोगियों के साथ-साथ अन्य रोगियों के उपचार में उपयोग में लाया जाएगा। इस प्रणाली से रोगियों के उपचार के लिए बार-बार सिलेंडर भरने की जरूरत नहीं होगी। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इससे अस्पताल में ऑक्सीजन की सुचारू और निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे बड़ी संख्या में रेलकर्मी, उनके आश्रित व अन्य लाभान्वित होंगे।