मुजफ्फरपुर : जिले के जिन प्रखंडों में कोरोना के टीकाकरण का कम प्रतिशत है, वहां पर अधिकारी कैंप लगाकर वैक्सीनेशन को बढ़ाएंगे। प्रथम चरण में औराई, मोतीपुर और कटरा प्रखंड को चुना गया है।
इन प्रखंडों में 36 से 40 फीसदी लोगों ने अभी तक कोरोना का टीका लिया है, जबकि सेकेंड डोज 17 से 19 फीसदी लोगों ने लिया है।
बताया जाता है कि औराई में 36 फीस्दी लोगों ने कोरोना का प्रथम डोज लिया है, जबकि 17 प्रतिशत लोगों ने दूसरा डोज लिया है।
औराई में टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने की जिम्मेदारी सिविल सर्जन डॉ.विनय कुमार शर्मा ने ली है। इसी प्रकार कटरा में 41 फीसदी लोगों ने प्रथम और 30.5 फीसदी लोगों ने दूसरा डोज लिया है।
इस प्रखंड में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.एके पाण्डेय को टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मोतीपुर में 41 फीसदी लोगों ने प्रथम और 19.3 फीसदी लोगों ने दूसरा डोज लिया है।
यहां पर टीकाकरण बढ़ाने की जिम्मेदारी डीपीएम बीपी वर्मा को दी गई है। सिविल सर्जन डॉ.विनय कुमार शर्मा का कहना है कि इन प्रखंडों में कैंप कर टीकाकरण बढ़ाया जा सकता है। पीएचसी प्रभारी के साथ पंचायत स्तर पर और गांव में कैंप लगा पहले व दूसरे डोज पूरा कर 75 फीसदी करना है। सौजन्य : प्रभात खबर
पांच प्रखंडों में अक्टूबर को लगेगा टीका
जिले के कुढ़नी, बोचहां, मोतीपुर, औराई और कटरा में 9 अक्टूबर को मेगा कैंप लगाकर वोटर लिस्ट के आधार पर लाभार्थी को कोरोना का टीका लगेगा। सिविल सर्जन का कहना है कि आशा व आंगनबाड़ी सेविका ने वोटर लिस्ट के आधार पर सर्वे किया है। उसके आधार पर कोराना का टीका लाभार्थी को दिया जाएगा। इधर, कोरोना टीकाकरण अभियान में जिले के पांच पीएचसी का प्रदर्शन बेहद खराब है। सर्वे लिस्ट के आधार इन पीएचसी में लक्ष्य पूरा किया जाएगा। कई पीएचसी में ऑफ लाइन लोगों को टीका दिया गया है। उसे भी सेकेंड डोज के बाद सर्टिफिकेट दिया जाएगा।