मुजफ्फरपुर । अविश्वास प्रस्ताव के बाद नगर निगम में खाली हुए मेयर के पद पर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कराने को लेकर हाथ खड़े कर दिए है।

अब स्पष्ट हो गया है कि बचे हुए कार्यकाल के लिए मेयर का अब चुनाव होने से रहा। अब नया पेंच इस बात को लेकर है कि निगम बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता कौन करेगा।
नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय द्वारा डीएम को लिखे एक पत्र से मामले में नया मोड़ आया है। एक अक्टूबर को लिखे गए इस पत्र में नगर आयुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग की राय से डीएम को अवगत कराते हुए मार्गदर्शन मांगा है।
इसमें कहा गया राज्य निर्वाचन आयोग के प्रासंगिक पत्र में वर्णित है कि महापौर के रिक्त पद पर निर्वाचन हेतु आयोग द्वारा तिथि निर्धारित नहीं की जा सकती, परंतु यह स्पष्ट किया जाता है कि आयोग 24 जुलाई 2021 को हुए अविश्वास प्रस्ताव पर विशेष बैठक की कार्यवाही के संबंध में तटस्थता एवं अहस्तक्षेप का अभिमत रखता है।
नगर आयुक्त ने पत्र में कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद निगम बोर्ड मीटिंग की अध्यक्षता उप महापौर द्वारा की जा रही है।
नगर आयुक्त ने इस संबंध में डीएम से मांगदर्शन मांगा है। मालूम हो कि मेयर व डिप्टी मेयर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की मीटिंग व फिर से मेयर का चुनाव कराने को लेकर पांच-पांच जनहित व रिट याचिका पटना हाईकोर्ट में दायर हो चुकी है।
इससे नगर विकास एवं आवास विभाग भी दुविधा में पड़ गया है। कोर्ट की तरफ से सभी केस की सुनवाई से पहले विभागीय प्रधान सचिव से जवाब मांगा गया है। विभाग भी अब इस मामले को बड़े ही गंभीरता से लेते हुए कानूनी राय-मशविरा में जुटा है। सौजन्य : प्रभात खबर