वैशाली : सड़क हादसे में दो की मौ’त

गोरौल  : (वैशाली) बेलसर ओपी के साइन चौक पर गुरुवार को सड़क हादसे में दो की मौ’त हो गई। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक साइकिल सवार को रौंद कर भाग रहा था कि कुछ ही दूरी पर जाकर सड़क किनारे स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर में जोरदार टक्कर मार दी।इधर मौके पर ही साइकिल सवार की मौ’त हो गयी। ट्रक में फंसकर साइकिल सवार का शरीर 100 मीटर तक घसीटता चला गया। ट्रक में फंसने के कारण पूरा शरीर क्षत-विक्षत हो गया।

वहीं अनियंत्रित ट्रक बिजली के पोल में टकराने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर स्टेरिंग पर ही अचेत हो गया। ट्रक की चपेट में आए साइकिल सवार की पहचान बेलसर ओपी के पटेढ़ी भाई खां गांव निवासी स्व. सकिन्द्र राम के 16 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है।मृतक साइन हाईस्कूल में 10 वीं कक्षा में पढ़ता था। वह साइकिल से जनवितरण प्रणाली के दुकान से अनाज लेने जा रहा था। इस बीच सड़क हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं हादसे में ट्रक के उपचालक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना के किनारू गांव निवासी लालू राय के रूप में हुयी है।पीएचसी बेलसर में पहुंचे उसके परिजनों ने बताया कि वह उक्त ट्रक पर खलासी का काम करता था। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने गोरौल सरैया मुख्य मार्ग पर साइन के पास शव रखकर छह घंटे तक सड़क जाम रखा।

घटना की सूचना पर पहुंची बेलसर पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को शव को पोस्टमार्टम के लिए सौंपने को कहा। लेकिन आक्रोशित भीड़ किसी को सुनने को तैयार नहीं थी। मौके पर सीओ को बुलाने और परिजन को पांच लाख रुपए देने की मांग कर रहे थे। बाद में सीओ के नहीं पहुंचने पर बीडीओ मौके पर पहुंचे। बीडीओ शशि कुमार वर्मा और ओपी अध्यक्ष अशोक राम ने जाम खत्म करने के लिए काफी मशक्कत की। बीडीओ ने मृतक के आश्रितों को पारिवारिक लाभ का 20 हजार का चेक और पंचायत की ओर से करीब अंत्येष्टि के तहत 3 हजार नकद सौंपा। मौके पर सेवानिवृत अभियंता जलंधर राम, निवर्तमान मुखिया अरुण साह, पूर्व उप प्रमुख मुकेश कुमार, भाजपा नेता अमित आनंद, उमेश पटेल, अर्जुन कुमार, जयलाल कुमार, बीडीओ और ओपीअध्यक्ष द्वारा हस्तक्षेप कर जाम खुलवाया। वहीं अधिकारियों ने सरकार द्वारा 4 लाख मुआवजा की राशि देने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.